विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में रावण दहन से पहले फटा कार्बाइड सिलिंडर, बच्ची समेत 6 लोग घायल

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:13 AM (IST)

कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रावण दहन से पहले कार्बाइड सिलिंडर फटने से गुब्बारा विक्रेता समेत छह लोग घायल ...और पढ़ें

HighLights

  1. रावण दहन से पहले कानपुर में सिलिंडर फटा।

  2. हादसे में गुब्बारा विक्रेता समेत छह घायल हुए।

  3. दो साल की बच्ची भी घायलों में शामिल।

जागरण संवाददाता, कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र के धरीपुरवा में मंगलवार रात रावण दहन से पहले कार्बाइड सिलिंडर फटने से गुब्बारा विक्रेता समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद पुलिस ने सभी घायलों को आत्माराम अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत में गुब्बारा विक्रेता को एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी घायल धरीपुरवा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

जानकारी के मुताबिक, धरीपुरवा निवासी रामू डिवाइडर के अंदर कार्बाइड सिलिंडर रखकर गुब्बारे बेच रहा था। मंगलवार रात करीब 11:15 बजे मेले में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान एकाएक सिलिंडर फट गया। धमाके की चपेट में आकर रामू उछलकर जमीन पर गिर पड़ा।

वहीं, पास में मौजूद बबलू रघुवंशी, उसकी दो साल की बेटी रिद्धि, क्षमा दीक्षित, आकाश राजपूत और राजू भी घायल हो गए। इनमें रामू की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे की सूचना पर डीसीपी दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी, एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और विधायक महेश त्रिवेदी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और घटना की जानकारी ली।

डीसीपी दक्षिण ने बताया कि कार्बाइड सिलिंडर फटने से हादसा हुआ है। गुब्बारा विक्रेता की हालत गंभीर होने के कारण उसे एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- कानपुर परेड रामलीला: श्रीराम का बाण लगते ही गिरा रावण, लेजर और आतिशबाजी से जगमगाया आसमान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।