कानपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला, शराब कारोबारी ने ईमेल किया हैक, एक करोड़ रुपये किए पार
कानपुर में एक शराब कारोबारी आशीष लालवानी के ईमेल को हैक कर साइबर अपराधियों ने उनसे एक करोड़ रुपये की ...और पढ़ें

HighLights
शराब कारोबारी के ईमेल हैक कर एक करोड़ की ठगी।
फर्जी दस्तावेजों से दिल्ली में बैंक खाता खोलकर ठगी।
व्हाट्सएप पर पुष्टि के बाद भी कारोबारी हुआ शिकार।
जागरण संवाददाता, कानपुर। साइबर अपराधियों ने शराब कारोबारी की ईमेल आइडी हैक कर उनसे एक करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपितों ने दक्षिण दिल्ली के फर्जी पते पर बैंक खाता खुलवाया था। कारोबारी ने भुगतान से पहले कंपनी के निदेशक से वाट्सएप पर खाता बदलने की पुष्टि की थी। निदेशक की ओर से सहमति मिलने के बाद उन्होंने रकम भेजी। कंपनी के खाते में रुपये नहीं पहुंचने पर ठगी का पता चला। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
रतनलाल नगर निवासी आशीष लालवानी ने बताया कि उनकी राजस्थान लिकर्स लिमिटेड कंपनी का आफिस तिलक नगर में है। केएलए कंस्ट्रक्शन टेक्नोजाजी प्राइवेट लिमिटेड से उनकी कई वर्षों से कारोबारी साझेदारी है। माल की आपूर्ति और भुगतान की पुष्टि आधिकारिक ईमेल आइडी के जरिये होती है। कुछ समय पहले केएलए कंस्ट्रक्शन से माल मंगवाया गया था, जिसका भुगतान करना था।
आठ अक्टूबर को उसी ईमेल पर बकाया भुगतान के लिए संदेश आया। उसमें नई दिल्ली के एक्सिस बैंक खाते का विवरण दिया गया, जबकि पहले दूसरे खाते की जानकारी मिलती थी। आशीष ने कंपनी के निदेशक अनुराग जिंदल को वाट्सएप पर संदेश भेजकर इसकी पुष्टि की। जवाब में उन्हें बताया गया कि खाता बदल गया है।
तीन नवंबर को कंपनी के प्रतिनिधि ने फोन कर भुगतान करने को कहा। आशीष ने आरटीजीएस के माध्यम से बताए गए खाते में एक करोड़ रुपये भेज दिए। बाद में निदेशक से दोबारा पुष्टि करने पर पता चला कि कंपनी के खाते में रकम नहीं आई है। खाता संख्या भेजने पर निदेशक ने उसे अपनी कंपनी का खाता होने से इनकार किया। मामले में उन्होंने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
दक्षिण दिल्ली के फर्जी पते पर खुला सेविंग खाता, फोन नंबर नागालैंड में सक्रिय मिला
थाना प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि रकम जिस खाते में पहुंची, वह दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में एक व्यक्ति का सेविंग खाता है, न कि किसी फर्म का। इसे म्यूल खाते के रूप में इस्तेमाल किया गया। खाता फर्जी आधार कार्ड से खोला गया था और उससे जुड़ा मोबाइल नंबर नागालैंड में सक्रिय मिला। पुलिस जांच कर रही है। खाते को फ्रीज कराने के लिए बैंक को ईमेल किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।