विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुनाह दिल्ली में, मातम कानपुर के गांव में; दुष्कर्म के आरोपी के घर के बाहर पसरा सन्नाटा, परिवार ने खुद को किया कैद

Updated: Wed, 02 Sep 2026 07:02 AM (GMT+05:30)

दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म मामले के आरोपित बस कंडक्टर संदीप के पिता ने बेटे की करतूत पर शर्मिंदगी जताई है, जिससे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. दिल्ली दुष्कर्म आरोपित संदीप के पिता शर्मिंदा, परिवार का सिर झुका।

  2. आरोपित बस चालक कुलदीप का परिवार निष्पक्ष जांच चाहता है।

  3. कानपुर के आरोपितों के गांवों में घटना के बाद सन्नाटा पसरा।

जागरण संवादाता, कानपुर। दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म मामले के आरोपित और बस के परिचालक संदीप के पिता श्यामबाबू घटना से आहत हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत मजदूरी करके परिवार का पेट पालते हैं। आज तक कोई लांछन या आरोप नहीं लगा सका, लेकिन बेटे की करतूत ने पूरे परिवार का सिर शर्म से झुका दिया। अब तक गांव में उनका और परिवार का सिर उठाकर चलना भी मुश्किल है।

उधर, दूसरे आरोपित व बस के चालक कुलदीप का परिवार निष्पक्ष जांच चाहता है। संदीप रेउना क्षेत्र के कटरी गांव का रहने वाला है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा है। बड़े भाई दीपक और सूरज पिछले पांच साल से दिल्ली में रहकर ही काम करते हैं। संदीप एक टूरिस्ट कंपनी की स्लीपर बस पर कंडक्टर की नौकरी करता था।

पिता श्यामबाबू ने बताया कि गांव में वह पत्नी के साथ रहकर मजदूरी करते हैं। इसके साथ ही राशन वितरण या अन्य कोई सूचना देने के लिए डुग्गी पीटकर मुनादी करने का भी काम करते हैं। वह बोले-विश्वास ही नहीं हो रहा कि उनका बेटा ऐसा घृणित कार्य कर सकता है। दुष्कर्म कांड में गिरफ्तार बस चालक कुलदीप कानपुर देहात के डेरापुर क्षेत्र के लाड़पुर पैठ गांव का रहने वाला है।

वह वर्ष 2017 से दिल्ली में बस चला रहा है। स्वजन के अनुसार उसे बस लेकर कभी दिल्ली तो कभी पंजाब जाना पड़ता था। कुलदीप त्योहारों और अन्य अवसरों पर बीच-बीच में गांव आता रहता था। परिवार के अनुसार कुलदीप के भाई प्रदीप को घटना की जानकारी मिलने पर वह दिल्ली गया था।

मुलाकात नहीं हो पाने के बाद वह गांव लौट आया। ग्रामीणों के मुताबिक कुलदीप के परिवार ने मुंगीसापुर के पास एक छोटा होटल भी खोल रखा है, जिसका संचालन अधिकांश समय उसका दूसरा भाई करता है। कुलदीप के पिता रामचंद्र शर्मा की करीब तीन माह पहले जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी।

यह भी पढ़ें- Kanpur Murder: स्वास्थ्य विभाग के टेक्नीशियन असिस्टेंट की मां की हत्याकर 25 लाख की लूट, कुर्सी के सहारे शव रख बदमाश भागे