Kanpur DM ने सुबह-सुबह परखी उर्सुला अस्पताल की हकीकत, 22 डॉक्टर समेत 32 कर्मी ड्यूटी से गायब, दलाली का खेल भी पकड़ा
कानपुर के उर्सुला अस्पताल में डीएम के औचक निरीक्षण में 22 डॉक्टर समेत 32 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मियों का वेतन काटने ...और पढ़ें

मरीज व तीमारदार से जानकारी लेते डीएम। जागरण
HighLights
डीएम ने उर्सुला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया
22 डॉक्टर समेत 32 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए
दो संदिग्ध दलाल मरीजों को गुमराह करते पकड़े गए
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के उर्सुला अस्पताल में सुबह-सुबह डीएम के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार के साथ पहुंचे डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह को अस्पताल में भारी लापरवाही मिली। निरीक्षण के दौरान 22 डॉक्टर समेत कुल 32 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में दो संदिग्ध दलाल भी पकड़े गए, जो मरीजों को गुमराह कर निजी जांच और इलाज के लिए बहला रहे थे। डीएम ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सीएमएस उर्सला को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जाए और दलाली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त न की जाए।
जिलाधिकारी ने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र और वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत भी की। उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी।
डीएम ने साफ निर्देश दिए कि किसी भी दशा में मरीजों को बाहर की दवा न लिखी जाए। अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अनुपस्थित डॉक्टर में डॉ राजकुमार सिंह, डॉ. आरके अग्रवाल, डॉ. महेश कुमार, डॉ. प्रीती मेहता, डॉ. विजय कुमार सिंह, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अरुण प्रकाश, डॉ. आरसी यादव, डॉ. बी सी पॉल, डॉ. राजकिशोर, डॉ. एके कनौजिया, डॉ. बृजेंद्र कुमार शुक्ला, डॉ. सूरज शिवहरे, डॉ. अल्तमस खान, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. अपूर्व गुप्ता, डॉ. गीता पोरवाल, बीके सिंह, आरपी गुप्ता, अरुणेश सिंह, पैरामेडिकल स्टाफ दयाशंकर, नीलू, अमित सोनकर, रजनीश समेत 32 कार्मिक अनुपस्थित मिले। इस दौरान दो संदिग्ध दलाल भी पकड़े गए। वे मरीजों को गुमराह करते हुए पकड़े गए। संदिग्धों में नर्वल तहसील के ग्राम महोली निवासी विवेक तिवारी तथा चमनगंज निवासी हैदर अली शामिल है।