विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur में सरेराह हत्या, पागल कहने पर स्कूटर सवार युवकों ने कूड़ा बिनने वालों को मार डाला, गिरफ्तार

Published: Sun, 30 Aug 2026 07:28 PM (IST)

कानपुर के स्वरूप नगर में 'पागल' कहने पर नशे में धुत स्कूटर सवार युवकों ने एक कूड़ा बीनने वाले की ...और पढ़ें

स्वरूप नगर में कूड़ा बिनने वाले व्यक्ति की हत्या में गिरफ्तार आरोपित। पुलिस

स्वरूप नगर में कूड़ा बिनने वाले व्यक्ति की हत्या में गिरफ्तार आरोपित। पुलिस 

HighLights

  1. स्वरूप नगर थानाक्षेत्र में शनिवार तड़के हुई वारदात, मृतक की नहीं हो सकी पहचान

  2. तमंचे की बट से पीटा, 15 मिनट तक मारपीट करने के बाद घटना का वीडियो भी बनाया

  3. हत्यारोपितों को सिगरेट पीते देख आसपास की दुकानों के सीसी फुटेज खंगालकर दबोचा

जागरण संवाददाता, कानपुर। अबे पागल हो क्या, स्वरूप नगर में कूड़ा बिनने वाले के इतना कहने से गुस्साए नशे में धुत स्कूटर सवार युवकों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। एक युवती ने शनिवार सुबह सड़क किनारे शव पड़ा देखकर यूपी-112 पर हादसे की सूचना दी। पुलिस ने जब आसपास के सीसी फुटेज देखे तो स्कूटर सवार दो युवक मारपीट करते नजर आए।

सीसी फुटेज खंगालने पर दोनों आरोपित एक पान की दुकान से सिगरेट खरीदते नजर आए। हत्यारोपितों ने कूड़ा बिनने वाले को तमंचे की बट व लात-घूंसों से पीटा और उसका वीडियो भी बनाया। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों को तमंचे और स्कूटर के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सारे साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों को जेल भेजा है।

स्वरूप नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह गरिमा बाजपेई नाम की युवती ने शर्मा नर्सिंग होम वाली गली में हादसे में एक व्यक्ति के मौत की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। 50 वर्षीय मृतक व्यक्ति कूड़ा बिनने का काम करता था और घटनास्थल के पास ही उसका कबाड़ से भरा बोरा भी मिला।

पुलिस ने घटनास्थल के सीसी फुटेज देखे तो स्कूटर सवार दो युवक उसके साथ मारपीट करते नजर आए। इसके बाद हत्या की पुष्टि हुई। मारपीट के दौरान दोनों ने उसके सिर पर तमंचे की बट मारी और लात-घूंसों से करीब 15 मिनट तक पीटा और कूड़ा बिनने वाले व्यक्ति के ऊपर अपना स्कूटर भी कई बार चढ़ाया। हालांकि, अंधेरा होने की वजह से युवकों के चेहरे स्पष्ट नहीं हो सके।

इसके बाद पुलिस ने तीन टीमें लगाकर इलाके में लगे करीब 20 सीसी फुटेज चेक करने के बाद दोनों युवकों को एक पान की दुकान से सिगरेट खरीदते देखा। इनका हुलिया घटनास्थल के पास लगे सीसी कैमरों से मेल खा रहा था। पुलिस ने 20 घंटे में ताबड़तोड़ दबिश देते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपितों में मूलरूप से बरेली जनपद के कैंट थानाक्षेत्र के नकटिया मोहनपुर निवासी आशू उर्फ आशुतोष कुमार है जो वर्तमान में अपने मामा जितेंद्र के यहां स्वरूप नगर छोटी गुटैया में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपित उन्नाव जनपद के मगरवारा मसवासी का निवासी आयुष शर्मा है, जो वर्तमान में स्वरूप नगर 14 फ्लैट सर्वेंट क्वार्टर में रहता है।

थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस रिकार्ड के अनुसार, दोनों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि शराब के नशे में उनसे वारदात हुई है।


स्कूटर सवार नशे में धुत युवकों ने कूड़ा बिनने वाले व्यक्ति के पागल कहने पर पीट-पीटकर उसकी हत्या की थी। सीसी फुटेज और उनके मोबाइल से मिले साक्ष्यों के आधार पर केडीए चौकी प्रभारी संकित तौंगड़ की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
- अतुल कुमार श्रीवास्तव, डीसीपी सेंट्रल

 

यह भी पढ़ें- H1N1 ALert: कानपुर में होगी स्वाइन फ्लू की आरटी-पीसीआर जांच, लागू होगा कोविड प्रोटोकाल