कानपुर: 'घर में मजार बनवा लो...समस्याएं दूर हो जाएंगी', फिर बनाने लगे मतातंरण का दबाव
कानपुर के वरुण विहार कच्ची बस्ती में सोनू जाटव ने मतांतरण के विरोध में परिवार पर मारपीट और दबाव का ...और पढ़ें
HighLights
कानपुर में मतांतरण के विरोध में परिवार से मारपीट।
घर में मजार बनवाने, नमाज पढ़ने का बनाया दबाव।
मुख्य आरोपित गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, कानपुर। गुजैनी के रामगोपाल चौराहा के पास स्थित वरुण विहार कच्ची बस्ती में मतांतरण के विरोध में परिवार से मारपीट का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
पीड़ित सोनू जाटव ने डीसीपी दक्षिण से शिकायत कर आरोप लगाया कि अपनी परेशानी का जिक्र करने पर आरोपितों ने कहा कि घर में मजार बनवा लो...समस्याएं दूर हो जाएंगी। बाद में उस पर जबरन नमाज पढ़ने और पत्नी पर बुर्का पहनने को कहा और मतांतरण का दबाव बनाया गया। विरोध करने और घर से मजार हटाने की बात कहने पर आरोपितों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की।
सोनू जाटव ने बताया कि वह जालौन के शेखूपुर गुढ़ा गांव से करीब दो वर्ष पहले परिवार के साथ वरुण विहार कच्ची बस्ती में रहने आया था। उसके परिवार में पत्नी रीता, दो बेटे विशाल व राजा और बेटी परी हैं।
बच्चों के लगातार बीमार रहने से परेशान होने के कारण वह यहां रहने आ गया था। इसी दौरान बस्ती में रहने वाले शमीम और उसके परिवार से उनकी नजदीकियां हो गई। आरोप है कि बार-बार दबाव डालने के बाद उसने इच्छा के विरुद्ध घर के अंदर बने मंदिर के बगल में मजार बनवाई।
आरोपित उस पर जबरन नमाज पढ़ने और पत्नी पर बुर्का पहनने का दबाव बनाने लगे। इतना ही नहीं, उसके घर में आकर धार्मिक गतिविधियां कर परेशान किया जाने लगा। घटना के बाद बस्ती में तनाव को लेकर फोर्स तैनात है।
प्रारंभिक जांच में दीवार बनाने को लेकर विवाद और मारपीट की बात सामने आई थी। पीड़ित ने मतांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है, जिसकी जांच कराई जा रही है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी की गई है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आरोपितों को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
-दीपेंद्र नाथ चौधरी, डीसीपी दक्षिण
