कानपुर किडनी कांड: आहूजा और प्रिया अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड, शहर में अन्य अस्पतालों में छापेमारी जारी
कानपुर में अवैध किडनी प्रत्यारोपण मामले में स्वास्थ्य विभाग ने आहूजा और प्रिया अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इन अस्पतालों में चिकित्सकों को प ...और पढ़ें

HighLights
कल्याणपुर के आहूजा अस्पताल में 29 मार्च को अवैध तरीके से हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
30 मार्च को आहूजा अस्पताल के संचालक सहित छह को गिरफ्तार किया गया
जागरण संवाददाता, कानपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अवैध तरीके से हुए किडनी ट्रांसप्लांट मामले में शामिल आहूजा अस्पताल और प्रिया अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही इन अस्पतालों में चिकित्सक कर पर रोक लगा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम आज भी कल्याणपुर शिवली क्षेत्र में स्थित अस्पताल में छापेमारी कर रही है।
कल्याणपुर के आहूजा अस्पताल में 29 मार्च को मुजफ्फरनगर की पारुल का किडनी ट्रांसप्लांट अवैध तरीके से हुआ था। पुलिस ने 30 मार्च को आहूजा अस्पताल के संचालक डा. सुरजीत सिंह आहूजा, उनकी पत्नी आइएमए कानपुर की उपाध्यक्ष डा. प्रीति आहूजा समेत छह को गिरफ्तार किया था। जांच में पूरा गिरोह सामने आया। पुलिस की आठ टीमें मेरठ के डा. अफजाल, गाजियाबाद के डा. रोहित, डा. वैभव, डा. अमित, परवेज सैफी व गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही हैं।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के अनुसार परवेज ने कबूला है कि वह किडनी के काले कारोबार का बराबर का साझ़ीदार है। वह कई बार कानपुर आया। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ मेरठ में डकैती, लूट सहित विभिन्न धाराओं में पांच से सात मुकदमे हैं। जेल भेजे जा चुके दलाल शिवम के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला है, जिसमें अफजाल और परवेज सैफी 500-500 रुपये की नोटों की गड्डियों से खेलते दिख रहे हैं।
आहूजा अस्पताल पर 43 लाख हड़पने का आरोप
आहूजा अस्पताल के संचालकों पर किडनी दिलाने के नाम पर 43 लाख रुपये हड़पने का भी आरोप लगा है। पंजाब के तरनतारन के देव गांव से आए बुजुर्ग मनजिंदर ने अस्पताल के सामने खड़े होकर वीडियो बनाया और उसमें कह रहे हैं कि विक्रांत, हसन और मोहाली निवासी कोआर्डिनेटर नवनीत सिंह ने किडनी दिलाने की बात कही थी। उनसे 43 लाख रुपये भी लिए, लेकिन किडनी नहीं दिलाई। वह डायलिसिस के सहारे जिंदा हैं। अगर उनकी मौत होती है तो अस्पताल के लोग दोषी होंगे। उन्होंने पुलिस से शिकायत नहीं की है।