LPG संकट के लिए गैस सिलिंडर की चोरी, बुजुर्ग महिला को झांसा दे घर से उठा ले गए दो युवक, गिरफ्तार
बिल्हौर में एलपीजी संकट के बीच गैस सिलिंडर चोरी की घटना सामने आई है। जवाहर नगर में दो युवकों ने एक बुजुर्ग महिला को झांसा देकर सिलिंडर चुरा लिया। सीसी ...और पढ़ें
-1775830702823_m.webp)
HighLights
बिल्हौर में बुजुर्ग महिला से गैस सिलिंडर चोरी।
सीसीटीवी फुटेज से दो आरोपी गिरफ्तार, सिलिंडर बरामद।
अरौल में शराबी पति ने सिलिंडर गिरवी रखा, पुलिस ने छुड़ाया।
संवाद सहयोगी, बिल्हौर। एलपीजी संकट के बीच गैस सिलिंडर की चोरी शुरू हो गई है। बिल्हौर कस्बे के जवाहर नगर मोहल्ले में घर में अकेली बुजुर्ग महिला को तौलने का झांसा देकर दो युवक सिलिंडर लेकर बाइक से फरार हो गए। दोनों युवक सामने मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
कस्बे के जवाहर नगर मोहल्ला निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर वह पड़ोस के घर में गए थे। बुजुर्ग मां कुसमादेवी घर पर अकेली थीं। इस दौरान बाइक से आए दो युवक अंदर घुस गए और माताजी को बातों में उलझाकर सिलिंडर का वजन करने की बात कहने लगे। युवकों ने रसोईघर में लगा सिलिंडर निकाल लिया और तेजी से बाइक से फरार हो गए।
दोनों युवकों की फोटो सामने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपित चौबेपुर के त्रिलोकपुर गांव निवासी सुमित पुत्र लाला सिंह व कृष्णा पुत्र विश्वमोहन को बरौली रोड से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सिलिंडर बरामद किया गया। सुमित के खिलाफ पहले से चौबेपुर थाने में हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेशकर वहां से जेल भेज दिया गया।
इधर, शराबी युवक ने गिरवी रखा सिलिंडर, पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने छुड़ाया
अरौल के रौगांव गांव में शराबी युवक ने गैस सिलिंडर गिरवी रख दिया। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने सिलिंडर छुड़वाया और उसमें गैर भरवाकर पत्नी के सिपुर्द कर दिया। गांव निवासी रेशमा के मुताबिक, वह जरूरी काम से मायके गई थी। बुधवार को वापस लौटने पर जब वह रसोई में पहुंची, तो गैस सिलिंडर गायब मिला। पूछने पर पति लल्ला ने बताया कि रुपयों की जरूरत के चलते उसने 1200 रुपये में सिलिंडर गिरवी रख दिया। परेशान महिला ने पुलिस से शिकायत की। मकनपुर चौकी प्रभारी विशाल शर्मा ने संज्ञान लेते हुए अपने पास से रुपये दिए और सिपाही को भेजकर गिरवी रखा सिलिंडर छुड़वाया। उन्होंने सिलिंडर में गैस भी भरवाई।