कानपुर में पारिवरिक विवाद में बड़ी कलह! थाने में युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, दरोगा व सिपाही भी झुलसे
कानपुर के एक थाने में पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले के दौरान युवक द्वारा आत्मदाह के प्रयास से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के दौरान दरोगा और सिपाही भी ...और पढ़ें

उर्सुला अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मी। जागरण
HighLights
युवक का पत्नी से चल रहा था विवाद , सोमवार को पत्नी ने मारपीट का दर्ज कराया था मुकदमा
मंगलवार को युवक भी अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए पहुंचा था थाने, नहीं दर्ज हुई तो उठाया कदम
संवाद सहयोगी, महाराजपुर(कानपुर)। महाराजपुर थाने में मंगलवार को पत्नी से पीड़ित युवक ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। देखते ही देखते युवक आग का गोला बन गया।पुलिसकर्मियों व वहां मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। आनन - फानन थाना प्रभारी महाराजपुर जनार्दन सिंह , दारोगा गौरव शालिया व सिपाही अरुण युवक को बचाने के लिए दौड़े।
युवक को बचाने में तीनों पुलिसकर्मी भी झुलस गए। तुरंत सभी को उर्सुला अस्पताल ले जाया गया। उर्सुला अस्पताल की बर्न यूनिट में सभी का उपचार कराया जा रहा है। युवक का पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी ने मारपीट का मुकदमा पति महेश के खिलाफ दर्ज कराया था। महेश भी मंगलवार को पत्नी के खिलाफ प्रार्थना पत्र देने महाराजपुर थाने आया था। इसी दौरान उसने आग लगा ली।
शिकायत दर्ज करा मायके चली गई थी पत्नी
चकेरी एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि महाराजपुर के फुफुवार राजथोक निवासी लगभग 35 वर्षीय मजदूर महेश पासवान का पत्नी पूनम से पिछले कई माह से विवाद चल रहा था। सोमवार को पत्नी ने महेश के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद वो मायके सचेंडी चली गई थी। मंगलवार को दोपहर लगभग 11 बजे महेश पत्नी के खिलाफ शिकायत लेकर महाराजपुर थाने पहुंचा।
थाने में शिकायत नहीं ली गई युवक की
प्रार्थना पत्र उसने थाने में देना चाहा, लेकिन किसी ने लिया नहीं।उसी के तुरंत बाद उसने थाना परिसर के बाहर मंदिर के पास बोतल में रखे ज्वलनशील पदार्थ को अपने ऊपर डाल लिया और माचिस से आग लगा ली। युवक को जलते देख वहां अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मी बचाव को दौड़े। बचाने में थाना प्रभारी , दारोगा व एक सिपाही झुलस गए।