विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नयागंज मेट्रो स्टेशन का बदल जाएगा नाम? कानपुर सांसद ने इनके नाम की उठाई मांग , सीएम को भेजा पत्र

Updated: Sun, 17 May 2026 11:04 PM (IST)

कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर नयागंज मेट्रो स्टेशन का नाम अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम पर रखने की मांग ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर मेट्रो के नयागंज स्टेशन का नाम अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम पर रखने की मांग तेज हो गई है। सांसद रमेश अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर नयागंज मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर गणेश शंकर विद्यार्थी मेट्रो स्टेशन किए जाने का अनुरोध किया है।


सांसद ने अपने पत्र में कहा कि नयागंज और आसपास का क्षेत्र महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर पत्रकार व समाज सुधारक गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रमुख कर्मभूमि रहा है। इसी क्षेत्र से उन्होंने अपने समाचार पत्र प्रताप के माध्यम से देशभर में स्वतंत्रता और सामाजिक चेतना का संदेश फैलाया था।


उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्र की एकता के लिए कानपुर की धरती पर सर्वोच्च बलिदान दिया था। ऐसे महान राष्ट्रनायक के सम्मान में उनके कार्यक्षेत्र स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर किया जाना शहर की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने जैसा होगा।


सांसद ने मुख्यमंत्री से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे नई पीढ़ी को गणेश शंकर विद्यार्थी के राष्ट्रप्रेम, पत्रकारिता और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी।

इधर, मेट्रो स्टेशन पास 24 पार्किंग बनाने का रास्ता साफ

मेट्रो एवं शहरी परिवहन सेवाओं के बीच बेहतर कनेक्टिविटी, सार्वजनिक परिवहन को सुविधाजनक बनाने के संबंध में उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने गुरुवार को प्रस्ताव लखनऊ मंडलायुक्त को दिया। इससे अब मेट्रो स्टेशनों के पास 24 पार्किंग स्थल विकसित होने का रास्ता साफ हो गया है। साथ ही राइडरशिप बढ़ाने के लिए मेट्रो स्टेशन तक लोकल बसों के परिचालन पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गुरुवार को लखनऊ में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के एमडी सुशील कुमार ने शहर में 24 स्थलों पर पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव रखा। जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र ने बताया कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास फीडर बसों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने एवं यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए नए आटो एवं टेंपो सर्कुलर रूट तय किए गए हैं।

शहर में 50 नए रूटों की पहचान कर उन्हें स्वीकृति दी गई है। आवासीय कालोनियों एवं कार्यालयों को नजदीकी मेट्रो स्टेशनों से जोड़ने के लिए शटल बस सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू करने पर भी सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कुछ मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग सुविधा है, जिसमें सिर्फ दोपहिया वाहन खड़े हो रहे हैं। आइआइटी से नौबस्ता रूट पर पार्किंग के लिए प्रशासन से जमीन की मांग की गई है।