Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मेट्रो के लिए दक्षिण कानपुर वालों का इंतजार खत्म, जून में पीएम मोदी कर सकते उद्घाटन

    Updated: Mon, 11 May 2026 07:06 AM (IST)

    कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो विस्तार की तैयारी तेज है, जिसमें रात में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल ट्रायल रन किया गया। मई में सीएमआरएस न ...और पढ़ें

    सेंट्रल से नौबस्ता तक सीएमआरएस की तैयारी रात में 80 किमी रफ्तार से दौड़ाई मेट्रो। सौजन्य मेट्रो

    सेंट्रल से नौबस्ता तक सीएमआरएस की तैयारी रात में 80 किमी रफ्तार से दौड़ाई मेट्रो। सौजन्य मेट्रो

    HighLights

    1. सेंट्रल से नौबस्ता तक सीएमआरएस की तैयारी, रात में 80 किमी रफ्तार से दौड़ाई मेट्रो

    2. सभी स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीनें भी हुई इंस्टाल, एमडी भी कर चुके दौरा

    3. दक्षिण कानपुर को जाम से मुक्ति, 14 मिनट में यात्रा, जून में पीएम मोदी उद्घाटन संभव

    जागरण संवाददाता, कानपुर। अगले महीने जून में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक के मेट्रो रूट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करने की प्रबल संभावना है। इसी मई में मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) सुरक्षा और संरक्षा के मानकों की जांच कराने के प्रति कार्रवाई तेज हो गई है। रविवार रात दो से पांच बजे के बीच अप-डाउन लाइन पर हाईस्पीड 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से भी मेट्रो रेल दौड़ाई गई। सभी स्टेशनों पर रोका भी गया। इस बीच प्रत्येक बिंदु पर सुरक्षा मानक भी जांचे गए। सिग्नल टीम ने भी बारीकी जांची है। यह ट्रायल भी सफल रहा।


    पांच मई को उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक (एमडी) सुशील कुमार ने भी मेट्रो ट्रैक का दौरा किया था। उन्होंने कहा था कि शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) के स्टेशनों को आपरेशन के लिए तैयार किया जा रहा है। सभी सात स्टेशनों 36 टिकट वेंडिंग मशीनें (टीवीएम) भी इंस्टाल हो रही हैं। अब, बस सीएमआरएस बाकी है और फिर उद्घाटन के साथ ही यात्री सेवाएं शुरू हो जाएंगी।


    यूपीएमआरसी के अधिकारी बता रहे हैं कि 24 किमी लंबे कारिडोर-एक (आइआइटी-नौबस्ता) के तहत मेट्रो की यात्री सेवाएं अभी आइआइटी से सेंट्रल स्टेशन तक (16 किमी) हैं। इस कारिडोर के शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल-नौबस्ता) पर सेवाएं प्रारंभ करनी हैं। बताया कि सीएमआरएस सुरक्षा और संरक्षा के मानकों की जांच के लिए पत्राचार कर चुके हैं। इसी महीने मेट्रो रेल संरक्षा और सुरक्षा मानक का निर्धारण होना है। दिल्ली से आने वाली टीम मेट्रो स्टेशनों का जायजा लेगी। सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक मेट्रो सेक्शन का निरीक्षण करेगी। मेट्रो ट्रैक, टनल व स्टेशनों का निरीक्षण होगा।

    साउथ सिटी का भी होगा मेट्रो से जुड़ाव, जाम से बचेंगे लोग

    मेट्रो रेल अधिकारियों ने बताया कि सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक की दूरी 14 मिनट में पूरी हो जाएगी। इससे रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले दक्षिणी सिटी के लोगों को आसानी होगी। सेंट्रल के आगे झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार बौद्ध नगर और नौबस्ता तक सुविधा होगी। मेट्रो से दक्षिण क्षेत्र के जुड़ाव से का शहरी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। घंटाघर चौराहा, टाटमिल चौराहा और बाकरगंज में लगने वाले जाम से बचते हुए आसान सफर मेट्रो कराएगी।

    खबरें और भी


    सीएमआरएस मेट्रो परिसरों व ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करेंगे। उनसे अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिलने के बाद ही मेट्रो की यात्री सेवाओं का विस्तार हो सकेगा। जून में एक बार फिर प्रधानमंत्री के कानपुर में आने की संभावना बन रही है। उम्मीद है कि वह मेट्रो रेल सेवा के विस्तार को हरी झंडी देंगे। इसी क्रम में तैयारियां चल रही हैं। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप-लाइन पर ट्रायल हो चुके हैं।
    - पंचानन मिश्र, संयुक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क), यूपीएमआरसी