Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदमाशों ने युवक को कुल्हाड़ी से काटा, पत्नी बच्ची को गोद में लिए लगाती रही गुहार, पढ़ें, कानपुर की रूह कंपा देने वाली ये वारदात

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 06:48 PM (IST)

    कानपुर के घाटमपुर में लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने एक युवक की कुल्हाड़ी और डंडों से वार कर हत्या कर दी। पत्नी को भी पीटा गया, जो अपनी मासूम ...और पढ़ें

    जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम व मुमताज की फाइल फोटो। स्वजन

    जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम व मुमताज की फाइल फोटो। स्वजन

    HighLights

    1. लूटपाट को घुसे बदमाशों ने कुल्हाड़ी व डंडों से युवक की हत्या की

    2. साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव का मामला, पत्नी को अधमरा किया

    3. जेसीपी समेत अधिकारियों ने जांच की, राजफाश को सात टीमें गठित

    संवाद सहयोगी, घाटमपुर। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर में अपराध का खौफनाक चेहरा सामने आया। देर रात घर में लूटपाट के इरादे से घुसे बेखौफ बदमाशों ने युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला। पत्नी पर भी वार किया। बदमाशों के जाते ही खून से लथपथ पत्नी अपने मासूम बच्चे को गोद में लिए पति की जिंदगी के लिए मदद मांगती आधा किमी तक पैदल चली।

    शुक्रवार रात घर में घुसे बदमाशों ने युवक की कुल्हाड़ी व डंडे से वार कर हत्या कर दी। जमकर उत्पात मचाते हुए पत्नी को पीटकर अधमरा कर दिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश घर से बाइक लूटकर भाग निकले। मामला साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव का है। शनिवार को पुलिस उच्चाधिकारियों के साथ क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक टीम, डाग स्क्वाड व सर्विलांश टीम मौके पर जांच में जुटी रहीं। जेसीपी ने मामले का राजफाश करने के लिए सात टीमें बनाई हैं।

    सऊदी अरब में करता था नौकरी, दो साल से गांव में था

    गांव निवासी 40 वर्षीय मुमताज पत्नी 36 वर्षीय शाहजहां और चार माह की बेटी मंतशा के साथ बस्ती से करीब एक किलोमीटर दूर रामगंगा नहर के किनारे खेतों पर मकान बनाकर रहते थे। मुमताज पहले सऊदी अरब में नौकरी करता था, लेकिन बीते करीब दो साल से गांव में ही था। दूध की गाड़ी चलाकर वह परिवार पालता था।

    पत्नी ने बताई आपबीती

    कानपुर के एलएलआर अस्पताल में भर्ती शाहजहां ने बताया कि शुक्रवार रात करीब सवा 12 बजे दो नकाबपोश बदमाश उनके घर में घुस आए। इसके बाद उनका मुंह दबाया और पति पर डंडे और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। उनके भी सिर पर भी हमला किया। शोर मचाने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी दी। पूछने लगे कि पति सऊदी अरब से जो जेवर लेकर लाए हैं वो कहां है? जब उन्होंने बताया कि उनके पास कुछ नहीं है और अगर रुपये या जेवर होते तो शहर में मकान बनवा लेते। इतना सुनते ही वे उत्तेजित हो गए और मारपीट करते हुए मोबाइल तोड़ दिए।

    खबरें और भी

    Kanpur Murder News (2)

    खून से लथपथ ममता की गोद में मासूम और सामने पति की टूटती सांसें: यह तस्वीर ब्लैक एंड व्हाइट की गई है। बेटी को गोद में लिए मां की ये तस्वीर वारदात की भयावह स्थिति को बयां करने के लिए काफी है। यहां एक पति की मौत का दर्द है तो मासूम बेटी के लिए ममता भी। बिलखते हुए खून से लथपथ महिला नृशंस हत्या के खौफनाक मंजर को बता रही...। जागरण

    बेटी को गोद में लेकर मदद मांगती चिल्लाती रही

    कमरों की तलाशी लेते हुए घर का सामान इधर-उधर फेंका। तलाशी के बाद घर में खड़ी उनकी बाइक उठाकर दोनों भाग निकले। घटना के बाद वह अपनी चार माह की बच्ची लेकर छत पर पहुंची। घर गांव से दूर होने के चलते मदद की गुहार लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। खून से लथपथ वह बेटी को गोद में लेकर करीब 300 मीटर दूर एक ट्यूबवेल पहुंची। इसके बाद करीब एक बजकर पांच मिनट पर 112 नंबर पर सूचना दी गई। मौके पर पहले बिधनू और फिर साढ़ पुलिस पहुंची। उन्हें बिधनू सीएचसी भेजा गया और फिर वहां से कानपुर एलएलआर अस्पताल पहुंची।

    बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे, डीवीआर ले गए

    गांव के बाहर घर होने के चलते मुमताज ने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। कैमरे उसके मोबाइल फोन से जुड़े हुए थे। शुक्रवार रात बदमाशों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों का फोकश ऊपर की ओर किया। इसके बाद उनके वायर तोड़ दिए। अंदर दाखिल होने के बाद मुमताज और शाहजहां का मोबाइल तोड़ दिया। घर में रखा डीवीआर भी उठा ले गए।

    घटना के बाद पहुंचे अधिकारी, तीन घरों में घुसा कुत्ता

    घटना के बाद जेसीपी ला एंड आर्डर विपिन टाडा, डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी, एसीपी समेत अधिकारी पहुंचे। क्राइम ब्रांच, फोरेंसिक टीम, डाग सक्वाड, सर्विलांश टीम भी पहुंची। डाग स्क्वाड घटनास्थल से होकर पहले रामगंगा नहर तक गया। इसके बाद घर के पीछे खेतों से होते हुए गांव तक आया और तीन घरों के अंदर घुसा है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

    मौके से खून से सने टूटे हुए डंडे व कुल्हाड़ी बरामद

    घटनास्थल पर पुलिस को खून से सने कई टूटे हुए डंडे मिले हैं। मौके से एक कुल्हाड़ी भी मिली है। इसके साथ ही दो टूटे हुए मोबाइल मिले हैं। बताया जा रहा है कि ये मोबाइल मुमताज और शाहजहां के हैं। एसीपी कृष्णकांत यादव का कहना है कि पृथम दृष्टया डंडों से पीट-पीटकर हत्या की बात आ रही है। बरामद कुल्हाड़ी में खून के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि धारदार हथियार का इस्तेमाल हुआ है कि नहीं।

    पति की नहीं बच सकी जान

    हमले के बाद मुमताज की पत्नी शाहजहां हिम्मत दिखाते हुए मासूम बच्ची को गोद लिए करीब आधा किलोमीटर तक पैदल चली। वह पति को बचाने की गुहार लगाती रही। हालांकि, ग्रामीणों ने तुरंत ही पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और मुमताज को आनन-फानन में बिधनू सीएचसी ले जाया गया। लेकिन, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

    खून से लथपथ भटकती रही

    शाहजहां के खून से उसकी गोद में लेटी मासूम भी सनी हुई थी। रात में बदमाशों के जाने के बाद वह छत पर गई और शोर मचाकर मदद की गुहार लगाती रही। कहीं से कोई जवाब न मिलने पर वह मासूम को गोद में लेकर घर से करीब 200 मीटर दूर देवसढ़ निवासी घनश्याम के ट्यूबवेल में गई। लेकिन, वहां भी कोई नहीं मिला। फिर वह थोड़ी दूर पर स्थित सुल्तानपुर गांव निवासी मन्नीलाल के ट्यूबवेल पहुंची। इसके बाद गांव में जानकारी हुई। करीब एक बजकर पांच मिनट पर 112 नंबर पर सूचना दी गई।

    पति को बचाने की लगाती रही गुहार

    सूचना पाकर पहले बिधनू और फिर साढ़ पुलिस पहुंची। इसके बाद सर्किल फोर्स मौके पर पहुंचा। इस दौरान शाहजहां लगातार पति को बचाने की गुहार लगाती रही। बोली कि उसे और कुछ नहीं चाहिए बस पति की जिंदगी बचा लो। अचेत पड़े मुमताज के साथ शाहजहां को बिधनू सीएचसी पहुंचाया गया। यहां पर मुमताज को मृत घोषित कर दिया गया। शाहजहां का कानपुर एलएलआर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

    बच्चे सही सलामत पल सकें, इसलिए छोड़ दी थी पुरानी देहरी

    साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ निवासी मुमताज ने गांव के बाहर करीब दो साल पहले ही नया घर बनवाया था। उसके बच्चे पैदा होने के कुछ समय बाद खत्म हो जाते थे। इसलिए उसे किसी ने पुराने घर की देहरी छोड़ने की सलाह दी थी। लेकिन, बच्चों की सलामती के लिए के लिए नए घर में पहुंचे मुमताज को जान से ही हाथ धोना पड़ गया।

    इस वजह से छोड़ दिया था पुराना घर

    मुमताज का पुराना घर गांव के अंदर है। जहां पर मां आबिदा, भाई अमर अली व भूरा का परिवार रहता है। एक बहन नसीमा की शादी हो चुकी है। मुमताज की शादी छह साल पहले हुई थी। बहन नसीमा के मुताबिक चार साल पहले मुमताज को बच्चा हुआ था, जो जन्म के कुछ घंटे बाद खत्म हो गया था। इसके बाद दूसरा बच्चा भी 24 घंटे से ज्यादा जीवित नहीं रहा। इस पर सब लोग कहने लगे कि पुराने घर के देहरी अच्छी नहीं है। अगर घर बदल दिया जाए तो बच्चे सलामत रहेंगे।

    नया घर गांव से एक किमी दूर था

    इस पर मुमताज ने करीब दो साल पहले खेत पर घर बनवाया था। नया घर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर है। सुरक्षा के लिए मुमताज ने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। बदमाशों ने घुसने से पहले कैमरों का फेस आसमान की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद तार भी काट दिए। पकड़े जाने के डर से दोनों के मोबाइल तोड़ दिए और डीवीआर भी उठा ले गए।

    बीटीएस डाटा निकाला गया, क्षेत्र भर के सीसीटीवी तलाशे जा रहे

    घटना के बाद से पुलिस महकमा जल्द घटना के राजफाश के लिए जुट गया है। डीसीपी साउथ के नेतृत्व में सात टीमें काम कर रही हैं। क्राइम ब्रांज के साथ सर्विलांश टीम, फोरेंसिक टीम, डाग स्क्वाड लगी हुई हैं। क्षेत्र भर के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि फिलहाल सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखे हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं है। क्षेत्र का बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) द्वारा एकत्र किया गया काल और लोकेशन डेटा निकलवाया गया है। इससे पता चलेगा कि उस समय क्षेत्र में कौन-कौन से मोबाइल नंबर सक्रिय थे। बताया कि सर्किल क्षेत्र के थानों की पुलिस के साथ सात टीमें लगी हुई हैं। मामले का जल्द से जल्द राजफाश किया जाएगा।

    बिधनू और साढ़ पुलिस के बीच रही असमंजस की स्थिति

    मुमताज का घर देवसढ़ गांव और बिधनू थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव के बीच स्थित है। घटना के बाद जब 112 नंबर को सूचना दी गई तो बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, बाद में स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल देवसढ़ गांव में है और यहां साढ़ थाना क्षेत्र लगता है। इसके चलते कुछ देर के लिए दोनों थानों के बीच असमंजस की स्थिति रही। हालांकि, बाद की कार्रवाई साढ़ पुलिस ने की।