कानपुर में मेट्रो की खोदाई से एक और अपार्टमेंट का बेसमेंट धंसा, तीन मंजिला पर्वकुंज अपार्टमेंट में दहशत में बाहर भागे लोग
कानपुर के नवीन नगर में मंगलवार रात से हो रही वर्षा के कारण पर्वकुंज अपार्टमेंट का बेसमेंट धंस गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने मेट्रो की खोद ...और पढ़ें

पर्वकुंज अपार्टमेंट की बिल्डिंग में आई दरार व धंस बेसमेंट। जागरण
HighLights
काकादेव के नवीन नगर में हुई घटना, तीन जुलाई को पड़ोस में हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट भी धंस चुका
केडीए और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच पड़ताल,सामान निकाल रहे परिवार के लोग
जागरण संवाददाता, कानपुर। भारी वर्षा के चलते काकादेव के नवीन नगर इलाके में बुधवार सुबह पर्वकुंज अपार्टमेंट का बेसमेंट धंस गया। इससे दहशत फैल गई और अपार्टमेंट में रहने वाले नीचे उतर आए। पिछले महीने भी तीन जुलाई को भारी वर्षा के चलते यहां से महज 20 मीटर दूर स्थित हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट का बेसमेंट और एक हिस्से की जमीन धंस गई थी।
अपार्टमेंट में रहने वालों का कहना है कि मेट्रो की खोदाई के चलते ये हादसा हुआ। मेट्रो, केडीए और पुलिस की टीम पहुंची और एहतियात के चलते लोगों से अपना सामान सुरक्षित निकालने को कहा। अपार्टमेंट में रहने वालों ने परिचित और रिश्तेदारों के यहां शरण ली है।
नवीन नगर में पर्वकुंज के नाम से हिमांशु संगल का तीन मंजिला अपार्टमेंट है, जिसमें सात फ्लैट और बेसमेंट बना है। हिमांशु तीसरी मंजिल पर अपने दोनों फ्लैट में रहते हैं। अन्य फ्लैट में नीरज कपूर, अंजली जैन, डा. निशांत समेत 30 लोग रहते हैं। किरन चौहान पहली मंजिल में किराए पर रहती हैं।
बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे भूतल पर परिवार के साथ रहने वाले गार्ड नरेंद्र गुप्ता ने देखा कि अपार्टमेंट के आगे बेसमेंट का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है। गेट पिलर की दीवार ढहने की वजह से गिरा पड़ा है। गार्डरूम में भी दरारें आ गई हैं। उन्होंने फ्लैट मालिक हिमांशु संगल समेत फ्लैट में रह रहे अन्य लोगों को सूचना दी, जिससे सभी दहशत के मारे उतरकर सड़क पर आ गए।
खबरें और भी
काकादेव थाना प्रभारी, अग्निशमन विभाग और केडीए के साथ ही मेट्रो की टीम भी पहुंची। लोगों का आरोप है कि पूर्व में मेट्रो ने टनल की खोदाई की थी, जिसकी वजह से ये हादसा हुआ है। गार्ड नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि अपार्टमेंट के पिछले हिस्से की दीवारों में भी दरार आ गई है। काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि एहतियात के तौर पर अपार्टमेंट में रहने वालों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही उनका जरूरी सामान निकलवा दिया गया है। मेट्रो की जांच पड़ताल के बाद और उसके सुरक्षित होने की रिपोर्ट मिलने के बाद ही लोगों को रहने दिया जाएगा।
नाले में लगातार हो रहे रिसाव और वर्षा से हुए जलभराव की वजह से जमीन धंसने की आशंका है। मेट्रो व कांट्रैक्टिंग एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने जांचकर प्रभावित स्थल पर कंक्रीटिंग कर भूमि को सुरक्षित एवं स्थिर बनाने की कार्रवाई की। मेट्रो रेल परियोजना का टनल निर्माण कार्य कई माह पूर्व ही पूरा हो चुका है। इसलिए इस हादसे का मेट्रो के टनल से कोई संबंध नहीं है।
- पंचानन मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी मेट्रो
पड़ोसी की दोनों तरफ की दीवार में दरारें
पर्वकुंज अपार्टमेंट के बगल में रहने वालीं पड़ोसी शेफाली राज के पिता बृजमोहन ने बताया कि मेट्रो की खोदाई की वजह से उनके घर मुख्य दीवार बीच से चटक गई है। हार्मोनी डीलक्स अपार्टमेंट से लगी उनकी दीवार में भी काफी दरारें आ गई हैं।
हार्मोनी अपार्टमेंट में फिर से रहने लगे लोग
बीती तीन जुलाई को भारी वर्षा के बाद हार्मेनी अपार्टमेंट धंस गया था। एचबीटीयू की रिपोर्ट और जांच में मुख्य बिल्डिंग के स्ट्रक्चर को सुरक्षित बताया गया। एचबीटीयू ने माना कि यह हादसा मुख्य रूप से सीवर और ड्रेनेज सिस्टम के बैकफ्लो तथा भारी बारिश के कारण हुआ था। क्लीनचिट मिलने और बिल्डिंग के सुरक्षित होने की बात पर यहां दोबारा से रहने लगे हैं।