Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गजब का चोर! प्रेमिका को गोवा घुमाने के लिए कानपुर में की बड़ी चोरी, 100 कैमरों ने खोला शातिर चोर का राज

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 04:36 PM (IST)

    कानपुर पुलिस ने एक ऐसे चोर अंशू पासी को गिरफ्तार किया है जो चोरी के बाद अपनी प्रेमिका को गोवा घुमाने ले जाता था। पुलिस ने 100 सीसीटीवी कैमरों की मदद स ...और पढ़ें

    स्वर्ण जयंती विहार में लाखों की चोरी में गिरफ्तार शातिर चोर अंशू पासी। जागरण

    स्वर्ण जयंती विहार में लाखों की चोरी में गिरफ्तार शातिर चोर अंशू पासी। जागरण 

    HighLights

    1. स्वर्ण जयंती विहार में बंद मकान से 19 जून को चुरा ले गया था जेवर और नकदी

    2. 100 कैमरों की मदद से मिली सफलता, चोरी के जेवर व एक लाख नकदी बरामद

    3. गिरोह संग पहले बंद मकानों की करता था रेकी, तीन आरोपित फरार

    संवाद सहयोगी, बिधनू(कानपुर)। सेन पश्चिम पारा पुलिस ने बीती 19 जून को स्वर्ण जयंती विहार सेक्टर-7 में बंद मकान में हुई चोरी का राजफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के जेवर, एक लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त स्कूटर और तमंचा बरामद हुआ है। सेन पश्चिम पारा थानाप्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित अंशू पासी महंगी शराब पीने का शौकीन है। वह चोरी करने के बाद प्रेमिका को घुमाने के लिए गोवा ले जाता था। वह अब तक उसे पांच बार गोवा घुमाने के लिए ले जा चुका है।

    पुलिस आयुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 19 जून की दोपहर स्वर्ण जयंती विहार में हेमलता वर्मा के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने जेवर और नकदी पार कर दी थी। पुलिस ने आसपास के करीब 100 सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली तो लाल-काले स्कूटर पर दो संदिग्ध युवक आते-जाते दिखाई दिए थे। यक्ष एप की मदद से उनकी पहचान गुजैनी मायापुरम कच्ची बस्ती निवासी अंशू पासी और उसके साथी बर्रा कर्रही के हिमांशु गौतम के रूप में हुई।

    पुलिस ने गुरुवार रात अंशू को स्वर्ण जयंती विहार से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले हिमांशु, कर्रही निवासी सागर राजपूत व गोल्डी के साथ बंद मकानों की रेकी करता हैं। इसके बाद ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। चोरी का सामान बेचकर मिले रुपयों से मौज-मस्ती करता है।

    पुलिस ने आरोपित के घर से 632 ग्राम चांदी के जेवर, एक लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त स्कूटर, तमंचा तथा दो कारतूस बरामद किए हैं। वहीं तीनों फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

    खबरें और भी

    पांच भाइयों का था टक्कल गैंग

    डीसीपी ने बताया कि अंशू पासी पांच भाई थे। सबसे बड़ा गोपाल टक्कल चोरी के मामले में जमानत पर है। दूसरे नंबर का विशाल चकेरी से 70 लाख की चोरी में जेल में बंद है। तीसरे नंबर का अंशू है। चौथे नंबर आकाश था, जिसकी मौत हो चुकी है। पांचवां भाई नाबालिग है, जो चोरी में बाल सुधार गृह इटावा में हैं। सभी भाई गैंग बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इनके गिरोह को लोग टक्कल गैंग के नाम से जानते थे।