कानपुर में Petrol-Diesel चोर गिरोह का भंडाफोड़, हाइवे किनारे खड़े टैंकरों से चुराते थे तेल, 3 गिरफ्तार
कानपुर के सचेंडी में क्राइम ब्रांच ने हाइवे किनारे खड़े टैंकरों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन शातिर चोर गिरफ्ता ...और पढ़ें

पकड़े गए आरोपित। जागरण
HighLights
कानपुर में तेल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया
तीन शातिर चोर गिरफ्तार, 1400 लीटर तेल बरामद
हाइवे किनारे खड़े टैंकरों से करते थे चोरी
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर (कानपुर)। सचेंडी में हाइवे किनारे खड़े टैंकरों से तेल चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर तेल चोरों को क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीन साथी मौके से भाग निकले।आरोपितों के पास से ड्रम और प्लास्टिक पिपियों में भरा करीब 1400 लीटर डीजल पेट्रोल,तीन गाड़ियां और अन्य सामान बरामद हुआ है।
सचेंडी क्षेत्र में काफी समय से हाईवे किनारे खड़े तेल टैंकरों से तेल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं।पता चला था कि इस कार्य में एक गिरोह सक्रिय है।जिसके बाद से क्राइम ब्रांच क्षेत्र में सक्रिय हुई और सर्विलांस टीम की मदद से आरोपितों की तलाश में जुट गई । मंगलवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर क्राइम ब्रांच ने बिना स्थानीय पुलिस को सूचना दिए ही सचेंडी के भौंती खेड़ा के पास हाइवे किनारे छापेमारी कर खड़े टैंकर से तेल चोरी करते एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जबकि टैंकर के साथ उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए आरोपित की निशान देही पर क्राइम ब्रांच ने श्याम होटल के पीछे छापा मारा,जहां कुछ लोग टैंकर से चोरी हुआ तेल ड्रम में भरते हुए दिखाई दिए। पुलिस की छापेमारी देख तेल चोरों में अफरा तफरी मच गई और वह भागने का प्रयास करने लगे।लेकिन घेराबंदी कर पुलिस ने दो अन्य तेल चोरों को दबोच लिया।
1400 लीटर तेल भी बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन ड्रम, 20 पिपियों में भरा करीब 1400 लीटर डीजल-पेट्रोल,14 खाली पिपिया,एक ओमनी वैन, एक लोडिंग आटो, अपाचे बाइक और तेल निकालने में इस्तेमाल होने वाली मशीन व पाइप बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपितों की पहचान भौतीखेड़ा निवासी विवेक पाल, कपली गंगागंज पनकी निवासी नारायण सिंह और सचेंडी के हरिजन कालोनी निवासी रोहित सोनकर के रूप में हुई है।
खबरें और भी
यहां के रहने वाले आरोपित
पूछताछ में सामने आया है कि मौके से फरार होने वाले लोगों में बिनौर का जीतू चंदेल, भौंती खेड़ा का गोपी चौहान और विवेक थे। फिलहाल पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। पुलिसिया पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि बीपीसीएल से निकलने वाले टैंकरों को हाईवे किनारे खड़ा कराकर तेल चोरी को अंजाम देते थे।
इस तरह निकाल लेते थे तेल
आरोपित टैंकरों की लाक कुंडी लोहे के औजार से ऊपर कर मशीन और पाइप की मदद से टैंकरों से तेल निकालकर पिपियों में भर लेते थे बाद में पिपिया ले जाकर ड्रम में भरते थे।इसके बाद चोरी किए गए तेल को कम कीमत पर अलग-अलग इलाकों में बेच दिया जाता था। पुलिस को आशंका है कि गिरोह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था। । सचेंडी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और अब पुलिस गिरोह के नेटवर्क और तेल खरीदने वाले लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
टैंकरों से तालमेल
एडीसीपी अपराध अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि पकड़ा गया विवेक पाल चालक है, वह टैंकर चालकों से तालमेल बनाकर रखता था और खुद ही तेल भी निकालता था, नारायण सिंह होल सेल डीलर है। जबकि रोहित चोरी हुए तेल को आगे ले जाकर बेचने का काम करता था । फिलहाल आरोपितों और बरामद माल को सचेंडी थाना पुलिस को सौंपा गया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को जेल भेजा गया है।