कानपुर में वाहन चोर गिरोह का राजफाश, 3 गिरफ्तार, 6 चोरी की बाइकें व मोबाइल बरामद
कानपुर की अरौल पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छह चोरी की बाइकें और एक मोबाइल फोन बरामद क ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, बिल्हौर(कानपुर)। अरौल पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह चोरी की बाइकें और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा।
एसीपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रविवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी विनय तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे विषधन रोड पर कन्नौज के ठठिया खेड़ा निवासी रविशंकर कुशवाहा पुत्र आसाराम कुशवाहा, टीचर्स कालोनी नसरापुर निवासी गोविंद सक्सेना पुत्र रमेश चंद्र सक्सेना और कृष्णा नगर, कन्नौज निवासी देव सक्सेना पुत्र राम महेश सक्सेना को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की एक बाइक बरामद की।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपितों की निशानदेही पर खड़ैंचा-देविनपुरवा संपर्क मार्ग के पास झाड़ियों से चोरी की पांच और बाइकें और एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने नशा व अन्य खर्चे पूरे करने के लिए वाहन चोरी कर बिक्री करने की बात कही।
मुकदमा दर्जकर तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में मकनपुर चौकी प्रभारी विशाल कुमार शर्मा, उप निरीक्षक अटल बिहारी, सचिन, चंदन यादव, आशीष कुमार मौजूद रहे।