Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण गिराने पहुंची राजस्व टीम को ईंट लेकर दौड़ाया, नायब तहसीलदार को खींचा, 3 गिरफ्तार

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 11:38 PM (GMT+05:30)

    कानपुर के दीपापुर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण गिराने गई राजस्व टीम को कब्जेदारों ने घेरकर ईंटों से दौड़ाया और नायब तहसीलदार से धक्कामुक्की की। पुल ...और पढ़ें

    नर्वल के दीपापुर में अवैध कब्जे गिराने के दौरान नायब तहसीलदार को घेरकर विरोध करते ग्रामीण। वीडियोग्रैब

    नर्वल के दीपापुर में अवैध कब्जे गिराने के दौरान नायब तहसीलदार को घेरकर विरोध करते ग्रामीण। वीडियोग्रैब

    HighLights

    1. नर्वल के दीपापुर में सरकारी जमीन पर कराए जा रहे अवैध निर्माणों को गिराने पहुंची थी टीम

    2. उपद्रव करने वालों के खिलाफ लेखपाल की तहरीर पर नर्वल थाने में मुकदमा दर्ज, तीन गिरफ्तार

    संवाद सहयोगी, महाराजपुर(कानपुर)। नर्वल तहसील के दीपापुर गांव में सरकारी जमीन पर कराए जा रहे अवैध निर्माणों को गिराने गई राजस्व टीम को कब्जेदारों के विरोध का भारी सामना करना पड़ा। महिलाएं राजस्व टीम से भिड़ गईं।टीम को घेरकर ईंट - पत्थर लेकर दौड़ा लिया। बैकहोलोडर के आगे आकर कार्रवाई को रुकवा दिया।
    इस दौरान कार्रवाई करा रहे नायब तहसीलदार को सर्ट पकड़कर खींच लिया गया, वो गिरते-गिरते बचे। महिलाओं ने राजस्व टीम की गाड़ी के आगे आकर हाथों में ईंट लेकर लहराए और तोड़फोड़ का प्रयास किया। गालीगलौज कर जमकर अभद्रता की गई।

    बवाल की सूचना पर तहसीलदार व थाना प्रभारी नर्वल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपद्रव करने वालों को लाठी पटककर खदेड़ा।तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले आई। लेखपाल की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन घंटे तक हंगामा व बवाल चलता रहा।राजस्व टीम की जान सांसत में फंसी रही। गहमागहमी के बीच बाद में अवैध कब्जे ढहाए गए।

    नर्वल एसडीएम सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि दीपापुर गांव में गाटा संख्या 768 जो कि ग्राम समाज की ऊसर श्रेणी में दर्ज जमीन है। उस पर गांव के ही संदीप पाल, बड़कऊ,राम नरायन, राकेश, सुशील, मेवालाल, राजेंद्र, छविनाथ, रामचंद्र व राजेश ने अवैध निर्माण कर मकान बना डाले हैं। वर्तमान में संदीप व छविनाथ द्वारा नया निर्माण करा अवैध कब्जा किया जा रहा था।

    शनिवार को तहसील समाधान दिवस पर शिकायत के बाद कार्रवाई के लिए टीम गठित हुई थी। शनिवार शाम नायब तहसीलदार अजय प्रकाश के नेत्रत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी। बैकहोलोडर से अवैध निर्माणों को गिराने की कार्रवाई कराई जा रही थी। तभी कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध में बड़ी संख्या में महिलाएं आगे आ गईं। ईंट लेकर टीम को दौड़ा लिया। जमकर हंगामा व बवाल किया।

    खबरें और भी

    लगभग तीन घंटे तक नायब तहसीलदार लोगों के विरोध के बीच मौके पर डटे रहे, वो वहां से हटे न ही भगे। उनको भी लोगों ने पकड़ लिया और धक्कामुक्की कर खींच लिया। इस दौरान कुछ राजस्व कर्मी ग्रामीणों को आक्रोशित देख मौके से निकल भागे। बवाल व हंगामे की सूचना पर नर्वल तहसीलदार शालिनी सिंह व थाना प्रभारी नर्वल अनिल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।

    बवाल करने वालों को पुलिस ने लाठी पटककर खदेड़ा तो उपद्रवी वहां से भागे। तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला और ध्वस्त हुआ। वहीं कब्जेदारों ने गांव के ही एक व्यक्ति से उक्त जमीन खरीदे जाने की बात कही। लोगों का आरोप था कि बिना किसी पूर्व सूचना व नोटिस दिए कार्रवाई की जा रही थी। जबकि तहसील के अधिकारियों का कहना था कि लगातार कब्जे हटाने के निर्देश व आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही थी।लेकिन आरोपित कुछ भी मानने को तैयार नहीं थे।


    सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण गिराने गई राजस्व टीम का विरोध कर कब्जेदारों द्वारा अभद्रता की गई।सरकारी कार्य में बाधा डाला गया। लेखपाल की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
    सत्यपाल प्रजापति , एसडीएम नर्वल