कानपुर में रोड रेज का बड़ा मामला, यशोदा नगर बाईपास के पास डबल मर्डर, बाइक टकराने पर पिता-पुत्र को चाकूओं से गोदकर मार डाला
कानपुर में रोड रेज की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बाइक टकराने के बाद पिता-पुत्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात में एक अन्य बेटा गंभीर ...और पढ़ें

घायल बेटे सत्यम से पूछताछ करती पुलिस। जागरण
HighLights
कानपुर में रोड रेज में पिता-पुत्र की हत्या
बाइक टकराने के बाद चाकू से हमला कर वारदात
एक हमलावर पकड़ा गया, दो पैदल ही फरार हुए
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में रोड रेज का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो बाइकों की टक्कर के बाद चाकू से पिता पुत्र की हत्या कर दी गई। दोनों को सीने, पेट, चेहरे पर वार करके मार डाला गया।
यशोदा नगर बाईपास के पास वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने रविवार की रात एक दुस्साहसिक वारदात में तीन युवकों ने बाइक टकराने को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्रों पर चाकूओं से हमला कर दिया। हमले में पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

शिवम व शिव नारायण त्रिवेदी की फाइल फोटो।
भीड़ ने मौके से एक हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि दो अन्य फरार होने में कामयाब रहे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। तनाव को देखते हुए पीड़ित परिवार के घर के आसपास और घटनास्थल के पास पुलिस तैनात की गई है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल समेत आला पुलिस अधिकारी मौके पर हैं।

रोती पत्नी सुधा व अन्य स्वजन। जागरण
घटना रात करीब सवा नौ बजे की है। कोयलानगर कांशीराम कालोनी निवासी 57 वर्षीय शिवनारायण तिवारी किदवई स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। उनके साथ उनके बेटे शिवम व सत्यम भी यहीं नौकरी करते थे। रात करीब नौ बजे काम समाप्त होने के बाद शिवनारायण दोनों बेटों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले।
यशोदा नगर बाईपास के पास वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने जैसे ही बाइक पहुंची, वहां स्थित शराब ठेके से निकले तीन युवकों की बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। इससे नाराज युवकों ने पिता पुत्रों की पहले हेलमेट से पिटाई की और जब उनकी ओर से विरोध हुआ तो हमलावरों ने चाकू निकल ली। इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए गए। हमले में तीनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें और भी
इधर शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग दौड़े तो एक आरोपित को भीड ने पकड़ लिया जबकि दो बाइक छोड़कर पैदल ही भाग निकले। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तत्काल तीनों घायलों को पास के प्राइवेट अस्पताल ले गई और वहां से जवाब मिलने पर उन्हें एलएलआर अस्पताल लेकर पहुंची।
डाक्टरों ने जांच के बाद शिवनारायण तिवारी और उनके 25 वर्षीय बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों के मुताबिक दोनों के सीने, पेट, चेहरे पर चाकू के वार हैं। घायल बेटे की पीठ, हाथ और पेट में चाकू लगे हैं। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपितों को दबोच लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस को मौके पर साइन, अपाचे और डिस्कवर तीन बाइकें मिली हैं। एक बाइक मृतक पक्ष की होगी, जबकि दो बाइकें हमलावर पक्ष की मानी जा रही हैं।