कानपुर में डाक्टर बेटे को छात्रों ने फंसाया, IPhone का झांसा दे ऐंठे लाखों, फिर चलता रहा ये खेल
कानपुर में तीन स्कूली छात्रों पर अपने सहपाठी (एक डॉक्टर के बेटे) को आईफोन दिलाने के बहाने लाखों रुपये ऐंठने ...और पढ़ें

HighLights
तीन छात्रों ने सहपाठी से आईफोन दिलाने के नाम पर लाखों ऐंठे
पुराना फोन देकर भी वसूली का सिलसिला लगातार जारी रखा
पीड़ित की मां ने पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की मांग की
जागरण संवाददाता, कानपुर। बाबूपुरवा के चर्चित वसूलीबाज बादशाह गैंग की तर्ज पर चकेरी में तीन स्कूली छात्रों पर अपने ही सहपाठी को जाल में फंसाकर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। आरोपितों ने आइफोन दिलाने के नाम पर डाक्टर के बेटे से रकम ली और बदले में पुराना मोबाइल थमा दिया। इसके बाद भी वसूली का सिलसिला नहीं रुका।
डाक्टर के बेटे से कई बार में लाखों रुपये लेने के साथ आरोपित उसे माल और होटल ले जाकर खर्च करवाते रहे। मामले की जानकारी होने पर महिला डाक्टर ने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर कार्रवाई और रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस आयुक्त ने चकेरी पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
लालबंगला निवासी महिला डाक्टर के मुताबिक उनका बेटा इलाके के एक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ता था। उसी के साथ पढ़ने वाले तीन छात्रों ने आइफोन-15 दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि बेटे से आइफोन की कीमत के नाम पर 1.12 लाख और कमीशन के 40 हजार रुपये समेत 1.52 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद करीब 40-45 हजार रुपये कीमत का पुराना आइफोन थमा दिया गया।
घर में फोन न चला पाने पर आरोपितों ने उसे 30 हजार रुपये में वापस खरीद लिया। कुछ समय बाद फिर नया फोन दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये मांगे। साथी छात्रों को छात्र के पास बड़ी रकम होने की जानकारी हुई तो उन्होंने प्रधानाचार्य से शिकायत की। प्रधानाचार्य ने छात्र और आरोपितों के स्वजन को बुलाकर मामला बताया।
डाक्टर के मुताबिक इसी दौरान पता चला कि आरोपित छात्रों का स्कूल में प्रभाव था और कई बच्चे उनके कहने पर चलते थे। हाईस्कूल में पहुंचने के बाद भी आरोपितों ने छात्र को नहीं छोड़ा। आइफोन-15 दिलाने के नाम पर फिर 1.15 लाख रुपये लिए और 60-70 हजार रुपये का पुराना फोन दे दिया। दो-तीन महीने बाद 80 हजार और करीब एक महीने बाद 1.20 लाख रुपये लेने का आरोप है।
महिला डाक्टर के पास ऐसा वीडियो भी होने का दावा है, जिसमें एक आरोपित छात्र के सामने रुपये बिछाकर वीडियो बनाता दिखाई दे रहा है। शिकायत के मुताबिक इसी रकम से आरोपितों ने आइफोन खरीदा। बेटे का 11वीं में दूसरे स्कूल में प्रवेश कराने के बाद भी पीछा नहीं छूटा।
आरोपितों के कहने पर छात्र ने माल रोड स्थित कोचिंग और जिम में प्रवेश लिया। 21 अगस्त को फिर एक लाख रुपये मंगाए गए, जिसमें 75 हजार रुपये तीनों ने रख लिए और बाकी रकम से माल में खरीदारी की। 27 अगस्त को होटल ले जाकर 10 हजार रुपये खर्च कराने, 12 सितंबर को मॉल में बुलाकर एक आरोपित के चचेरे भाई को 30 हजार रुपये यूपीआइ कराने और 17 सितंबर को फिर मॉल ले जाकर 10 हजार रुपये खर्च कराने का आरोप है।
महिला डाक्टर का आरोप है कि एक आरोपित के स्वजन को भी उसकी हरकतों की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने कोई सूचना नहीं दी। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शिकायत में रकम की बरामदगी के साथ आरोपित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। चकेरी थानाप्रभारी अजय मिश्र ने बताया कि प्रार्थनापत्र पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
