Swine Flu Alert: कानपुर में HINI का तीसरा केस सामने आया, 53 वर्षीय महिला हुईं भर्ती, एक मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
कानपुर में स्वाइन फ्लू का तीसरा मामला सामने आया है, जिसमें उन्नाव की 53 वर्षीय महिला एलएलआर अस्पताल में भर्ती ...और पढ़ें
-1788702736366_m.webp)
यह एक प्रतीकात्मक फ
HighLights
कन्नौज के युवक की स्वाइन फ्लू से मौत और चार माह के संक्रमित मिलने के बाद सामने आया तीसरा मामला
उन्नाव की महिला डायबिटिक, हाइपर टेंशन की रोगी, सांस लेने में दिक्कत के साथ आइसोलेशन में हुई भर्ती
जागरण संवाददाता, कानपुर। स्वाइन फ्लू से शहर में पहली मौत और चार माह के बच्चे के संक्रमित मिलने के बाद अब रविवार को उन्नाव की संक्रमित महिला एलएलआर में भर्ती हुई है। तीसरे केस के रूप में भर्ती हुईं 53 वर्ष की बीपी व डायबिटिक रोगी महिला लीलामणि अस्पताल से रेफर की गई। जिसे शनिवार देर रात एलएलआर अस्पताल के स्वाइन फ्लू आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। जिसकी हालत स्थित बनी है।
महिला की स्थिति पर डाक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की टीम नजर बनाए हुए हैं। शहर में तीन मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। सभी निजी अस्पतालों को आइसोलेशन में ही लक्षण युक्त मरीजों का इलाज करने के लिए निर्देशित करते हुए जांच रिपोर्ट को बताने और पोर्टल पर अपडेट करने के लिए कहा गया है।
स्वाइन फ्लू इन्फ्लूएंजा ए (एच-1 एन-1) संक्रमण से शहर में पहली मौत की पुष्टि शनिवार को होने के बाद मामलों में वृद्धि दिख रही है। कल्याणपुर के अनुराग हास्पिटल में 28 अगस्त को निमोनिया के लक्षण के साथ भर्ती हुए कन्नौज के 30 वर्षीय युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू के एच-1 एन-1 संक्रमण की पुष्टि हुई है।
शनिवार को ही चार माह के बच्चे में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उसके स्वजन लखनऊ इलाज के लिए लेकर रवाना हो गए थे। एलएलआर अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक प्रो. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि संक्रमित महिला हाई बीपी व डायबिटिक रोगी है, इसका इलाज लीलामणि अस्पताल में चल रहा था।
सांस लेने में दिक्कत पर एलएलआर अस्पताल में रेफर किया गया है। इसके पास अस्पताल की स्वाइन फ्लू संक्रमित की रिपोर्ट है। महिला संक्रमित का सैंपल जांच के लिए माइक्रोबायोलाजी विभाग भेजा गया है। अभी महिला आइसोलेशन वार्ड में उपचारित है। गंभीर स्थिति होने के कारण सेमी वेंटिलेटर पर महिला को शिफ्ट किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दूसरे वार्ड में आइसोलेट कानपुर देहात के 55 वर्ष के बुजुर्ग की हालत अभी भी गंभीर है। जिसकी रिपोर्ट सामान्य आने के बाद भी प्रोटोकाल के तहत उसका इलाज किया जा रहा है।
लक्षण दिखने पर जांच कराए और खुद ही आइसोलेट हो जाएं
मेडिकल कालेज के वरिष्ठ प्रो. जेएस कुशवाहा ने कहा कि स्वाइन फ्लू के लक्षण खांसी, बुखार, जुकाम व गले में खसरा तथा छींक आने पर लोगों को खुद ही घर पर आइसोलेट हो जाना चाहिए। डाक्टर की सलाह पर जांच कराकर दवाएं लेनी चाहिए। भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचना चाहिए।
