श्यामनगर लूटकांड: भाई का हिस्ट्रीशीटर साला निकला मास्टरमाइंड, जेल में रची लूट की साजिश, वारदात के बाद सांत्वना देने भी पहुंचा
कानपुर के श्याम नगर में शिक्षक के घर हुई लूट का मास्टरमाइंड पीड़ित के सगे भाई का हिस्ट्रीशीटर साला निकला। उसने जेल में रहते हुए लूट की साजिश रची और वा ...और पढ़ें

लूट का आरोपित प्रशांत उर्फ मोनू पुलिस गिरफ्त में व वारदात को जानकारी देतीं रचना त्रिपाठी। जागरण
HighLights
चकेरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है आरोपित साला, जेल में रहने के दौरान साथी के साथ बनाई थी योजना
भागे हुए बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें दे रही उन्नाव-शुक्लागंज में दबिश, लूट के जेवर बरामद
श्याम नगर में सोमवार को शिक्षक की पत्नी और बेटे को बंधक बना बदमाशों ने की थी लूट की वारदात
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के श्याम नगर में शिक्षक के घर हुई लूट का मास्टरमाइंड पीड़ित के सगे भाई का हिस्ट्रीशीटर साला ही था। चकेरी थाने के हिस्ट्रीशीटर आरोपी ने जेल में रहने के दौरान अपने साथियों के साथ मिलकर इस लूट की पटकथा लिखी थी। 3 बाइकों और ऑटो से आए 5 बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और हैरानी की बात यह रही कि लूट के बाद आरोपी साला खुद हाल-चाल लेने शिक्षक के घर सांत्वना देने पहुंचा था।
चकेरी के श्याम नगर में सोमवार को गन प्वाइंट पर शिक्षक की पत्नी और नाबालिग बेटे को बंधक बनाकर लूटपाट की वारदात पांच बदमाशों ने की थी, जिसमें एक शिक्षक के भाई का हिस्ट्रीशीटर साला भी शामिल है, जिसने जेल में रहने के दौरान साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। घटना के दौरान दो आरोपित बाहर और तीन अंदर थे।
आरोपित साले को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया है, जिसके पास से लूटे गए कुछ जेवर भी बरामद हुए हैं। बदमाश बाइक और आटो से आए थे। पकड़े गए आरोपित से पूछताछ के बाद पुलिस टीमें भागे बदमाशों की तलाश में उन्नाव व शुक्लागंज में दबिश दे रही हैं।
श्यामनगर सी ब्लाक के बल्ला की टटियां निवासी शरद चंद्र त्रिपाठी श्यामनगर के आक्सफोर्ड माडल सीनियर सेकेंड्री स्कूल में गणित के शिक्षक हैं। सोमवार सुबह उनकी पत्नी रचना त्रिपाठी और 16 वर्षीय बेटा दिव्यांश घर पर थे। इसीबीच तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए और रचना के बाल पकड़कर गनप्वाइंट पर ले लिया था।
खबरें और भी
दिव्यांश बचाने पहुंचा तो बदमाश ने उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद दोनों के हाथ-पैर बंधकर पहले आगे के कमरे में रख उनके सामने पांच अलमारी व बक्से से लगभग छह लाख के जेवर व डेढ़ लाख रुपये व अन्य सामान लूटा, फिर दोनों को किचन में बंदकर उन दोनों के मोबाइल फोन लेकर भाग गए। पुलिस ने सीसी कैमरे जांचे तो एक जगह सीसी कैमरे में तीनों बाइक से जाते दिखे।
पुलिस ने उसके बादी से घटनास्थल से लेकर हाईवे व आसपास के 200 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगाले। अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डा. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस टीम ने इस घटना का राजफाश कर लिया है। घटना की योजना बनाने वाला पीड़ित के भाई का साला चकेरी निवासी प्रशांत उर्फ मोनू है। वह चकेरी थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसने जेल में बंद रहने के दौरान साथी रफीक के साथ शिक्षक के घर लूट करने की योजना बनाई।
जेल से जमानत पर छूटने के बाद मोनू ने विकास श्रीवास्तव और शुक्लागंज के रहने वाले दो अन्य साथियों से मिले। घर और आसपास कई दिनों तक रेकी की गई। इसके बाद सोमवार सुबह पांचों आरोपित बाइक व आटो से घर से कुछ दूरी पर पहुंचे। यहां से विकास श्रीवास्तव समेत तीन आरोपित घर के अंदर घुस गए। जबकि मोनू व एक अन्य बाहर लोगों पर नजर रखे गए। वारदात को अंजाम देकर तीन बाइक से व दो लोग आटों से निकल गए। भागे आरोपितों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
लूट के बाद शिक्षक के घर फिर पहुंचा था हिस्ट्रीशीटर साला
शिक्षक शरद चंद्र त्रिपाठी के घर लूटपाट करने के बाद हिस्ट्रीशीटर प्रशांत उनके घर गया था। घटना के बाद डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता जब मीडियाकर्मियों को जानकारी दे रहे थे तो वीडियो में प्रशांत पीछे खड़ा था। पुलिस ने जब सीसी कैमरे की फुटेज आसपास लोगों को दिखाई तब पता चला कि वह शिक्षक का रिश्तेदार है। बाद में शिक्षक ने भी उसकी पहचान भाई मयंक त्रिपाठी के चचेरे साले के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उसे मंगला विहार स्थित उसके घर से दबोच लिया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि प्रशांत की बस मंधना से रामादेवी चलती है। उसके खिलाफ चकेरी समेत थाने में हत्या का प्रयास, चोरी, गैंग्सटर समेत धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 के बाद उसके खिलाफ चकेरी थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
वह बाइक चोरी में पकड़े जाने पर जेल गया था। तभी उसने शिक्षक के घर लूट की योजना बनाई, पर मौका नहीं मिला था। दो साल पहले वह छूटा, पर उसे साथी नहीं मिल पा रहे थे। अब मौका मिला तो घटना कर दी। जब उसे परिवार के सामने लाया गया तो उसने घटना स्वीकार की।
घटना का राजफाश पुलिस टीम ने दो दिन के भीतर कर लिया। एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया। वह चकेरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इस घटना में पांच आरोपित थे। लूट के जेवर भी बरामद हुए हैं।
- रघुबीर लाल, पुलिस आयुक्त