कानपुर में दौड़ लगा रहे टेरिटोरियल आर्मी में चयनित युवक को ट्रक ने रौंदा, नवंबर में थी ज्वाइनिंग
कानपुर के बिधनू किसान नगर रोड पर सुबह दौड़ लगा रहे टेरिटोरियल आर्मी में चयनित युवक राजेंद्र उर्फ बलराम को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी ...और पढ़ें

राजेन्द्र सविता की फाइल फोटो व रोते परिवार वाले। जागरण
HighLights
टेरिटोरियल आर्मी में चयनित युवक राजेंद्र की मौत।
कानपुर के बिधनू रोड पर ट्रक ने कुचला।
नवंबर में होनी थी ज्वाइनिंग, परिवार में मातम।
संवाद सहयोगी, बिधनू(कानपुर)। बिधनू किसान नगर रोड पर शुक्रवार सुबह शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए दौड़ लगा रहे (टीए) टेरिटोरियल आर्मी में चयनित युवक को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं साथ में दौड़ लगा रहा मित्र टक्कर लगने से चुटैहिल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक समेत चालक की तलाश कर रही है।
जमरेही निवासी किसान सैकुलाल सविता का 28 वर्षीय बेटा राजेंद्र उर्फ बलराम का टेरिटोरियल आर्मी में चयन हो चुका था। नवंबर माह में उसे ज्वाइन करना था। राजेन्द्र शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए प्रतिदिन सुबह किसान नगर रोड पर दौड़ लगाता था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह जामू निवासी मित्र पंकज के साथ दौड़ लगाता हुआ बिधनू नहर पुल की ओर जा रहा था। तभी नहर झाल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे राजेन्द्र ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं उसके पीछे दौड़ रहा साथी पंकज चुटैहिल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला। बेटे का शव देख मां रामदुलारी व पिता सैकुलाल गश खाकर गिर पड़े। थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बचपन से पिता के हाथ मजबूत करता रहा राजेन्द्र
पिता सैकुलाल ने बताया कि गांव के बाहर उनकी सैलून की दुकान है। राजेन्द्र 15 साल की उम्र से ही पढ़ाई के साथ दुकान में उनके साथ लोगों के बाल काटकर मदद करता था। इसके बाद उसने पिता को आराम देने के लिए सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू कर दी। इस दौरान उसने सेना में टेरिटोरियल आर्मी की परीक्षा पास कर ली। अब उसे नवंबर माह में ज्वाइन करना था। उसने पिता से कह दिया था कि उसके ज्वाइनिंग के बाद उन्हें दुकान बंद कर के घर में आराम से रहना होगा।
खबरें और भी
बहन की प्रेरणा से आर्मी में नौकरी की शुरू की तैयारी
राजेन्द्र की बड़ी बहन अनुराधा आर्मी अस्पताल में कार्यरत हैं। राजेन्द्र की सरकारी नौकरी के लिए उत्सुकता को देख अनुराधा ने उसे आर्मी की तैयारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। जिसपर उसने मई 2025 में टेरिटोरियल आर्मी की परीक्षा पास की। इसके बाद भर्ती कुछ कारणों ने लंबित हो गई। इसके बाद भी उसने इस दौरान कई परीक्षाएं दी। इस दौरान जुलाई माह में भर्ती बहाल हुई और उसका चयन हो गया। जिसके बाद से परिवार में खुशहाली का माहौल बना गया तो। जो शुक्रवार सुबह मातम में बदल गया।