आखिर कब खत्म होगा Kanpur का जाम? DM के सामने व्यापारियों ने खोली व्यवस्थाओं की पोल
कानपुर में जिला व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने खराब सड़कें, गड्ढे, जाम और बिजली समस्याओं को कारोबार में बड़ी बाधा बताया। जीएसटी अधिकारियों द् ...और पढ़ें
-1769243292734_m.webp)
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में व्यापार बंधु की बैठक करते जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह (दाएं)। जागरण
HighLights
'सड़कों में गड्ढे और जाम से धीमा पड़ रहा कारोबार, कमाएंगे तभी तो टैक्स चुकाएंगे'
जीएसटी पर बोले व्यापारी: पहले कारोबारी माहौल बनाएं, फिर टैक्स
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों ने रखीं समस्याएं
बादशाही नाका कट और रोडवेज बसों की अराजकता से लगने वाला जाम भी बना मुद्दा
जागरण संवाददाता, कानपुर। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में शुक्रवार को जिला व्यापार बंधु की बैठक हुई। इसमें व्यापारियों ने जाम, खोदी गई सड़कों, गड्ढों और बिजली विभाग की समस्याओं को व्यापार की सबसे बड़ी बाधा बताया। व्यापारियों ने कहा कि बादशाही नाका का कट आश्वासनों के बाद भी अब तक नहीं खोला जा सका है।
वहीं, इसके बाद हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक में कोपे स्टेट नहर मार्ग के अतिक्रमण और दादा नगर से विजय नगर जाने वाले मार्ग को मोटरेबल करने का मुद्दा उठा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए और समयबद्ध रिपोर्ट देने के लिए कहा।
व्यापार बंधु की बैठक में जीएसटी अधिकारियों ने सभी व्यापारियों से बकाया जीएसटी चुकाने का आग्रह किया। इस पर व्यापारियों ने विभागों के अधिकारियों को आईना दिखाते हुए कहा कि पहले शहर में कारोबार का माहौल बनाएं। व्यापारी कमाएगा तो टैक्स भी चुकाएगा। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि सभी व्यापारियों को रजिस्ट्री से भी नोटिस भेजा जाए। इससे कम पढ़ा लिखा व्यापारी भी नोटिस का पालन कर सकेगा। झकरकटी बस अड्डे पर पुल के बीचो बीच में बसों को खड़े होने और क्षतिग्रस्त सड़क का मुद्दा उठाया और कहा कि अगर यह सड़क ठीक हो जाए तो पुल पर बस खड़ी होनी बंद हो जाएगी और जाम से राहत मिलेगी।
बादशाही नाका चौराहा अहिंसा चौक कट को खोलने की मांग कानपुर कपड़ा कमेटी के निदेशक रूमित सिंह सागरी ने की। बताया कि थोक कपड़ा बाजार की 3000 दुकानों में इससे व्यापारियों का आना जाना बाधित हो रहा है। इसका ज्ञानेश मिश्रा और कपिल सब्बरवाल ने समर्थन और नौघड़ा कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष शेष नारायण त्रिवेदी 'पप्पू' ने विरोध किया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने एडीएम सिटी और डीसीपी यातायात की कमेटी को समस्या समाधान की जिम्मेदारी सौंपी है। गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन को जाने वाले मार्ग पर पापुलर धर्म कांटे के पास बीच सड़क पर लगे ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की गई।
खबरें और भी
दादा नगर से विजयनगर मार्ग की दुर्दशा का मुद्दा छाया
जिला उद्योग बंधु की बैठक भी नवीन भवन सभागार में हुई। उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह ने पिछली बैठक के कार्यवृत्त के साथ आज की बैठक के प्रमुख बिंदुओं को प्रस्तुत किया। कोआपरेटिव स्टेट औद्योगिक क्षेत्र के वैकल्पिक मार्ग नहर के किनारे अतिक्रमण हटाने और मुख्य नाले से मिलने वाले नालों की समस्या पर चर्चा हुई। भौंती भीमसेन स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया को ठीक किए जाने का मामला उद्यमियों ने उठाया और कहा कि इससे पनकी व दादा नगर दोनों ही औद्योगिक क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। बैठक में एडीएम डा. राजेश कुमार, जीएसटी विभाग, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, केस्को सहित संबंधित विभागों के अधिकारी , उद्यमी संगठनों से उमंग अग्रवाल, ममता शुक्ला, विजय पंडित, एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।