Weather Updates: कानपुर में गर्मी का टॉर्चर: 7 दिन में 11 डिग्री बढ़ा पारा, 38°C के साथ लू का अलर्ट, जानें 7 दिनों का हाल
कानपुर में पिछले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 37.2 डिग्री पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों में पारा 40 ...और पढ़ें
-1776184953173_m.webp)
जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाने के बाद पिछले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में 11.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। इससे शहरवासियों को गर्मी का अहसास होने लगा है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले दो अप्रैल को 37.8 डिग्री पर पारा पहुंचा था। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के थार मरुस्थल से हवा आने का सिलसिला शुरू होते ही आगामी दिनों में पारा चढ़ेगा। पांचवें विक्षोभ का असर 18 अप्रैल तक रहेगा। इसके बाद हीट वेव चलने के आसार हैं।
सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान केंद्र में मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में नमी का अधिकतम प्रतिशत 56 और न्यूनतम प्रतिशत 14 रहा। उत्तर-पश्चिमी दिशा से करीब 10.3 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चलती रही। वहीं, रात का तापमान अभी भी नरम है। रात का पारा 2.2 डिग्री गिरकर 16.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.5 डिग्री कम है। ऐसे में रात का मौसम हल्का ठंडा बना हुआ है।
आठ अप्रैल को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक सप्ताह बाद 14 अप्रैल तक 11.2 डिग्री सेल्सियस पारा चढ़ गया। तापमान में हो रही क्रमिक वृद्धि से धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। दिन में शुष्क मौसम होने से शहरवासियों को गर्मी का अहसास होने लगा है। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बुधवार शाम तक एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। फिलहाल, आसमान साफ रहेगा और तेज धूप रहेगी। दिन के तापमान में क्रमिक वृद्धि होने का सिलसिला जारी रहेगा। रात में हल्की ठंडी हवा चलने से न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। फिलहाल वर्षा के आसार नहीं है।
उन्हाेंने कहा कि इस साल मानसून की शुरुआत जून में अच्छी हो सकती है, जिससे किसानों को शुरुआती राहत मिलेगी। लेकिन जुलाई से बारिश में असमानता देखने को मिल सकती है और अगस्त-सितंबर में हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
खबरें और भी
| तारीख (अप्रैल) | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| 14 | 37.2 | 16.8 |
| 13 | 36.0 | 19.0 |
| 12 | 35.6 | 18.2 |
| 11 | 34.9 | 20.2 |
| 10 | 32.1 | 15.0 |
| 09 | 30.2 | 16.0 |
| 08 | 26.0 | 18.0 |
पिछले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 11.2°C की वृद्धि दर्ज की गई।