यूपी में मानसून की दस्तक; कानपुर समेत 25 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, IMD ने जारी किया आरेंज अलर्ट
Kanpur Weather Update: कानपुर में मानसून की दस्तक के साथ बारिश हुई, लेकिन अत्यधिक नमी के कारण उमस भरी गर्मी जारी है। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक ब ...और पढ़ें
-1782921352071_m.webp)
HighLights
कानपुर में बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी जारी।
मौसम विभाग ने 25 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
अगले 3-4 दिन तक बारिश और उमस बने रहने की संभावना।
जागरण संवाददाता, कानपुर। मानसून की दस्तक के साथ शहर में बारिश और बादलों का सिलसिला तो शुरू हो गया है, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें कम होने नहीं दीं। बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री नीचे गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन हवा में अत्यधिक नमी के कारण लोगों को राहत के बजाय चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मौसम सुहावना दिखने के बावजूद वातावरण में मौजूद नमी ने उमस बढ़ा दी। लोग घरों और दफ्तरों में पंखे व कूलर चलने के बाद भी पसीने से परेशान दिखाई दिए। बाजारों और सड़कों पर भी उमस का असर साफ नजर आया। वहीं पूरे दिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रूक-रूक कर 8.8 मिमी बारिश दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत और न्यूनतम 87 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश और बादलों के कारण वातावरण में नमी का स्तर तेजी से बढ़ा है। इसके चलते तापमान कम होने के बावजूद शरीर से निकलने वाला पसीना जल्दी सूख नहीं पा रहा, जिससे उमस अधिक महसूस हो रही है।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक शहर में बादलों की आवाजाही, गरज-चमक और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। बीच-बीच में तेज बारिश के भी आसार हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के साथ उमस का दौर भी जारी रह सकता है। इसके साथ ही प्रदेश के 25 जिलों में आंधी, बिजली चमकने और तेज बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से बचने की अपील की है।
बारिश के बाद इस कारण से बढ़ रही है उमस
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून ने उत्तर भारत में दस्तक दे दिया है। इस कारण लगातार हो रही बारिश और बादलों से हवा में नमी बढ़ रही है। जमीन से होने वाला वाष्पीकरण वातावरण को अधिक चिपचिपा बना रहा है। हवा की गति कम होने से नमी वातावरण में बनी हुई है। जिसे अधिक आर्द्रता के कारण पसीना जल्दी नहीं सूखता, जिससे उमस महसूस होती है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवा मौसम को और भारी बना रही हैं।