अलीगढ़ में कानपुर के युवक की ट्रेन से गिरकर मौत, दोस्तों पर धक्का देकर हत्या का आरोप, हंगामा
कानपुर के सौरभ पाल की अलीगढ़ में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने गांव के तीन दोस्तों पर नौकरी के बहाने ले जाकर हत्या करने का आरोप लगाते ...और पढ़ें

सौरभ पाल के स्वजन नाराजगी जाहिर करते हुए। जागरण
संवाद सहयोगी, बिल्हौर(कानपुर)। ककवन के फत्तेपुर गांव निवासी 20 वर्षीय सौरभ पाल पुत्र महेंद्र पाल की अलीगढ़ में ट्रेन से गिरकर मौत के बाद शनिवार को गांव में स्वजन ने शव रखकर हंगामा किया। स्वजन ने गांव के ही तीन युवकों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर सौरभ को अपने साथ ले जाने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। दोस्तों पर कार्रवाई की मांग को लेकर स्वजन ने शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। मौके पर पहुंची ककवन पुलिस ने स्वजन को समझा बुझाकर शव अंतिम संस्कार के लिए भिजवाया।
बड़े भाई रिशु पाल के मुताबिक, सौरभ कानपुर की एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। 20 दिन पहले नौकरी छोड़कर वह घर आ गया था। मंगलवार को गांव के ही अतुल, सचिन और अर्जुन उसे नोएडा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गए थे। स्वजन का आरोप है कि रास्ते में उसके साथ कुछ अनहोनी की गई।
रिशु के मुताबिक छह अगस्त को सौरभ ने फोन कर बताया कि साथी उसे जबरन कहीं ले जा रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही। कुछ देर बाद दोबारा फोन कर सौरभ ने बताया कि उसे कुछ खिला दिया गया है और उसे चक्कर आ रहे हैं। इसके बाद फोन कट गया।
स्वजन के मुताबिक बाद में तीनों साथियों ने फोन कर बताया कि सौरभ ट्रेन से कूद गया है। अलीगढ़ के पास चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि स्वजन का कहना है कि सौरभ ने पहले फोन पर जान को खतरा होने की बात बताई थी। तीनों युवकों के अलग-अलग बयानों से भी परिवार का शक गहरा गया है।
खबरें और भी
शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद सौरभ का शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शनिवार सुबह स्वजन शव घर पर रखकर कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। उन्होंने दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।
ककवन थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह राजपूत ने स्वजन को समझा बुझाकर शव अंतिम संस्कार के लिए शिवराजपुर के सरैया घाट भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि अलीगढ़ पुलिस तीनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। स्वजन को कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।