Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    KDA ने पुलिस के दम पर शुरू कराया 75 करोड़ का न्यू कानपुर सिटी का काम, 13 किसान हिरासत में

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 09:15 PM (IST)

    केडीए ने डेढ़ माह से रुके न्यू कानपुर सिटी परियोजना के 75 करोड़ के काम को पुलिस बल की मदद से शुरू कराया, जिसमें 13 किसानों को हिरासत में लिया गया। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सर्किल रेट का चार गुणा न देने पर किसानों ने रोक रखा था काम

    2. विरोध कर रहे 13 किसानों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा

    3. किसानों ने आरोप लगाया उनके साथ धक्का-मुक्की की गई

    जागरण संवाददाता, कानपुर। मुआवजे को लेकर किसानों ने डेढ माह से न्यू कानपुर सिटी आवासीय योजना में 75 करोड़ रुपये के काम रोक रखे है। केडीए की टीम ने रविवार को पुलिस बल लेकर सिंहपुर में धरने में बैठे किसानों को हटाकर काम शुरू कराया। पुलिस ने विरोध कर रहे 13 किसानों को हिरासत में लेकर बस में बैठकर पुलिस लाइन भेज दिया।

    इसके बाद पांच बैकहो लोडर ने योजना में सीवर, पेयजल और ड्रेनेज के लिए खोदाई शुरू करा दी। केडीए योजना का पहले फेज सितंबर माह में लांच करने की तैयारी की जा रही है। वहीं किसानों ने अपने साथ धक्का-मुक्की होने का आरोप भी लगाया है।

    मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच में केडीए वर्ष 1996 से न्यू कानपुर सिटी योजना ला रहा है। 30 साल बाद अब धरातल पर आती नजर आ रही। हालांकि मुआवजा ले चुके किसान नए सर्किल रेट का चार गुणा मांग रहे है। इसको लेकर पिछले डेढ माह से कार्य रोक रखा है। कई बार केडीए की टीम गई लेकिन किसानों के विरोध के चलते लौटर आई।

    केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक के आदेश पर रविवार को प्राधिकरण के सचिव अभय पांडेय, विशेष कार्याधिकारी संत शुक्ला, मुख्य अभियंता आरआरपी सिंह, अधिशासी अभियंता अमनदीप तिवारी, सहायक अभियंता सीपी पांडेय के साथ पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी और एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह की अगुवाई में प्रवर्तन दस्ते के साथ भारी फोर्स सिंहपुर पहुंची।

    खबरें और भी

    13 महिलाएं और पुरुष पुलिस लाइन भेजा

    किसानों को समझाने का प्रयास किया किसान अपनी मांग पर अड़े रहे कि उनकी अधिग्रहण की गई जमीन का सर्किल रेट का चार गुणा मुआवजा दिया जा। नहीं मानने पर पुलिस ने विरोध कर रहे किसानों को पकड़कर बस में बैठा दिया और पुलिस लाइन भेज दिया। इसमें 13 महिलाएं और पुरुष थे।

    New Kanpur City

    सर्किल रेट का चार गुणा मुआवजा मांग रहे किसान

    इसके बाद सबको हटाकर पांच बैकहो लोडर लगाकर खोदाई शुरू करा दी। केडीए गंगपुर चकवदा,सिंहपुर,हिंदूपुर बैरी अकबरपुर व संभरपुर में गांवों की भूमि पर न्यू कानपुर सिटी योजना लांच करने जा रहा है। किसानों का कहना है कि उन्हें वर्ष 2006 के सर्किल रेट का चार गुणा मुआवजा दिया जाए, अथवा जिन किसानों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है, उन्हें जो मुआवजा मिल रहा है, उसी के बराबर भुगतान किया जाए। आक्रोशित किसानों ने कहा कि वह कोर्ट जाएगे।

    ये कहना है किसानों का

    संभरपुर के किसान चंद्रशेखर ने बताया गाटा संख्या 630 में उनके तीन भाइ चंद्रशेखर, जागेश्वर और दीनदयाल के नाम साढ़े तीन बीघा जमीन है और गाटा संख्या 652 में पांच लोगों के नाम दो बीघा जमीन है, लेकिन अभी तक मुआवजा नहीं मिला है । केडीए ने काम शुरू कर दिया है। इसी प्रकार संजू मौर्य ने बताया गाटा संख्या 631, 301, 315, और 324, जो चार लोगों के नाम है संजू मौर्य अंजली मोर्य अजीत और गंगा देवी इसमें भी मुआवजा नहीं मिला है।

    पुलिस ने किसानों के साथ की मारपीट और नजरबंद

    न्यू कानपुर सिटी योजना में जमीन भी ले ली और पैसा भी नही दिया पुलिस ने मारपीट भी की। यह बात माधुरी कुशवाहा ने कहीं। उन्होंने कहा कि उनकी मां राजेश्वरी व भाई बीनू को पुलिस उठा ले गई। इसके अलावा दीपक कुशवाहा अजीत शर्मा विजय, फूलमती, आकाश, समेत 13 महिलाएं और पुरुषों को पड़कर नजर बंद किया गया।

    जिम्मेदार बोले

    विरोध कर रहे 13 किसानों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। पिछले डेढ़ माह से किसान योजना में होने वाले कामों को रोक रखा था।
    - अशोक कुमार सरोज, थाना प्रभारी, बिठूर


    विरोध कर रहे किसानों को पहले ही मुआवजा दिया जा जा चुका है। वर्तमान में जिन किसानों की जमीन अधिग्रहण हो रही है। उनको वर्तमान दर पर मुआवजा दिया जा रहा है। योजना की 70 प्रतिशत योजना अधिग्रहण हो चुकी है। रेरा से भी जल्द योजना को स्वीकृति मिल जाएगी। डेढ़ माह से योजना में रुका 75 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू करा दिए है। इसके अलावा एक और सड़क का टेंडर कराया गया है जल्द टेंडर खोला जाएगा। सितंबर माह तक योजना लाने की तैयारी है।
    - अभय पांडेय, सचिव केडीए


    यह भी होगा

    कन्वेंशन सेंटर, स्कूल,होटल, नर्सिंग होम, पुलिस चौकी, सब स्टेशन, कूड़ाघर, मार्केट

     

    योजना का हाल
    विवरण स्थिति
    योजना में कुल जमीन 153.31 हेक्टेयर
    अधिग्रहण होनी है 89.69 हेक्टेयर
    अधिग्रहण हो चुकी है 62 हेक्टेयर
    मुआवजा दिया गया 300 करोड़ रुपये
    कार्य हो रहे हैं 75 करोड़ रुपये के
    टेंडर हो रहे हैं 16 करोड़ रुपये के
    योजना आएगी 3 फेज में
    पहला फेज 50 हेक्टेयर में
    कुल प्लॉट 729