Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    LPG Crisis: कैसे होंगे शादी-ब्याह? गैस किल्लत से विवाह वाले घरों की बढ़ी चिंता, कानपुर में कैटरिंग-होटल कारोबार की मुश्किलें

    Updated: Mon, 30 Mar 2026 07:19 PM (IST)

    कानपुर में खरमास खत्म होते ही शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन पिछले 20 दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत ने होटल, रेस्टोरेंट ...और पढ़ें

    ये फोटो एआई जनरेटेड है।

    ये फोटो एआई जनरेटेड है।

    HighLights

    1. कानपुर में 20 दिन से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत।

    2. शादी सीजन से पहले होटल, कैटरिंग कारोबार संकट में।

    3. व्यापारी आपूर्ति बढ़ाने, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। 13 अप्रैल से खरमास खत्म होते ही 15 अप्रैल से सहालग शुरू हो जाएगी। शादी-ब्याह के सीजन से पहले शहर में कमर्शियल गैस सिलिंडरों की भारी किल्लत ने होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार को गहरे संकट में डाल दिया है। पिछले करीब 20 दिनों से सिलिंडरों की अनियमित आपूर्ति के कारण छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े कैटरिंग कारोबारी के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच रही हैं।

    व्यापारियों का कहना है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो सीजन में बुकिंग होने के बावजूद काम ठप होने की नौबत आ सकती है। हालांकि इससे निपटने के लिए विकल्पों की तलाश में भी होटल और गेस्ट हाउस कारोबारी जुट गए हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि शादी सीजन के लिए महीनों पहले बुकिंग हो चुकी है। ऐसे में गैस की कमी के कारण आर्डर पूरा करना मुश्किल हो रहा है।

    Kanpur LPG Shortage

    कैटरिंग व्यवसाय ज्यादा गंभीर

    लगातार 20 दिनों से सिलिंडर मिलने में परेशानी हो रही है। जिसके कारण व्यापार और प्रतिष्ठा दोनों दांव पर लगी है। ग्राहक को सेवा न दे पाने की स्थिति में नुकसान के साथ साख भी प्रभावित होगी। कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों की स्थिति और भी ज्यादा गंभीर है। जिन बड़े गेस्ट हाउसों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सुविधा है, वहां कुछ हद तक काम चल रहा है, लेकिन जो कैटरिंग कारोबारी अलग-अलग स्थानों पर जाकर मांगलिक कार्यक्रम संपन्न कराते हैं, उनके लिए सिलिंडर ही एकमात्र विकल्प है। ऐसे में गैस न मिलने से उनके सामने काम ठप होने का खतरा मंडरा रहा है।

    LPG crisis (1)

    होटल-रेस्टोरेंट में कमर्शियल की भारी कमी

    होटल और रेस्टोरेंट में अभी से कमर्शियल सिलेंडरों की भारी कमी है। मजबूरी में कई व्यापारी घरेलू सिलिंडरों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई का डर बना है। व्यापारियों का कहना है कि जब तक आपूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक छापेमारी पर रोक लगाई जाए और व्यापारियों को राहत दी जाए। होटल और गेस्ट हाउस कारोबारियों के लिए शादी का सीजन सालभर के कारोबार का बड़ा हिस्सा होता है। इस दौरान होने वाली कमाई से ही वे सालभर का खर्च और कर्मचारियों का वेतन निकालते हैं।

    खबरें और भी

    गैस संकट से सीधा असर अजीविका पर

    गैस संकट से काम प्रभावित होता है तो इसका सीधा असर हजारों परिवारों की आजीविका पर भी पड़ेगा। कारोबारी प्रशासन से कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ाने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की गुहार लगा रहे हैं। साथ ही कैटरिंग और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए विशेष कोटा या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग शादी सीजन सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए की है।

    बोले व्यापारी- कोई आश्वासन नहीं कोई समाधान नहीं

    लगातार गैस न मिलने से छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट है, कई दुकानें बंद होने की कगार पर हैं। वहीं, सहालग शुरू होने से पहले होटल, रेस्त्रां और कैटरिंग कारोबारी परेशान हैं। प्रशासन को सिलिंडर आपूर्ति के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। इसके लिए प्रशासन को पहले ही ज्ञापन सौंपा गया है, लेकिन अभी तक हमें कोई आश्वासन नहीं मिला।
    सुनील बजाज, कोषाध्यक्ष, कानपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन

     

    शादी सीजन की बुकिंग पहले से हो चुकी है, लेकिन गैस की कमी से आर्डर पूरा करना मुश्किल हो रहा है। इससे व्यापार और साख दोनों पर असर पड़ेगा। इस पर सरकार से तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की गई है।
    विजय पंडित, अध्यक्ष, कानपुर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन

     

    क्षेत्र के 35-40 होटल-रेस्टोरेंट गैस संकट से जूझ रहे हैं। मजबूरी में घरेलू सिलिंडर इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिससे कार्रवाई का डर बना रहता है।
    मुकेश भाटिया, अध्यक्ष, सरोजिनी नगर व्यापार मंडल

     

    कैटरिंग कारोबार पूरी तरह सिलिंडरों पर निर्भर है। समय पर गैस नहीं मिली तो शादी सीजन में काम ठप हो सकता है।
    शैल शुक्ल, होटल कारोबारी