विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LPG Cylinder KYC: 30 सितंबर तक e-KYC जरूरी, घर बैठे ऐसे करें; नहीं कराया तो जानें क्या होगा?

Published: Wed, 23 Sep 2026 04:31 PM (IST)

कानपुर में 4.30 लाख एलपीजी उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, जिसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर है। ई-केवाईसी ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई जनरेटेड है।

यह तस्वीर एआई जनरेटेड है।

HighLights

  1. कानपुर में 4.30 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी बाकी है

  2. 30 सितंबर तक ई-केवाईसी न होने पर बुकिंग रुकेगी

  3. मोबाइल ऐप, एजेंसी या डिलीवरीमैन से कराएं ई-केवाईसी

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी की समय सीमा नजदीक आते ही प्रशासन और तेल कंपनियों की चिंता बढ़ गई है। अब भी करीब 4.30 लाख उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है। 30 सितंबर तक इसे पूरा नहीं किया गया तो घरेलू गैस सिलिंडर बुकिंग रुक सकती है। जांच के दौरान फर्जी, निष्क्रिय या मृत उपभोक्ताओं के नाम पर चल रहे कनेक्शनों को निरस्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।

जिले में कुल 11.80 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग 7.50 लाख की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। तेल कंपनियां लगातार एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को आधार आधारित सत्यापन के लिए जागरूक कर रही हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य वास्तविक उपभोक्ताओं की पहचान सुनिश्चित करना और वर्षों से उपयोग में नहीं आ रहे कनेक्शनों को चिह्नित करना है।

जिलापूर्ति अधिकारी अंजनी सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द ई-केवाईसी कराकर गैस आपूर्ति और बुकिंग संबंधी असुविधा से बचें। उन्होंने बताया कि यदि ई-केवाईसी न कराने के बावजूद भी उपभोक्ता एजेंसियो में सिलिंडर लेने पहुंचते हैं तो उन्हें व्यवसायिक सिलिंडर लेने होंगे। सब्सिडी के साथ इस समय जो 14 किलो के सिलिंडर मिल रहे हैं, वह ई-केवाईसी न होने पर नहीं मिलेंगे।


आंकड़ों पर एक नजर

विवरण संख्या

  • जिले के कुल घरेलू एलपीजी उपभोक्ता - 11.80 लाख
  • ई-केवाईसी पूरी करा चुके उपभोक्ता - 7.50 लाख
  • ई-केवाईसी बाकी - 4.30 लाख
  • आइओसी उपभोक्ता - 7.60 लाख
  • बीपीसीएल उपभोक्ता - 2.70 लाख
  • एचपीसीएल उपभोक्ता - 60 हजार
  • ई-केवाईसी की अंतिम तिथि - 30 सितंबर


महंगा पड़ेगा विकल्प

डीएसओ ने बताया कि बिना ई-केवाईसी के विकल्प में जो सिलिंडर मिलेंगे, वह मौजूदा से महंगे पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि 10 किलो के सिलिंडर के लिए 4450 रुपये और पांच किलो के सिलिंडर के लिए 1600 रुपये का दाम निर्धारित किया गया है। एक बार सिलिंडर लेने के बाद 10 किलो वाला दोबारा भरवाने के लिए 1400 रुपये और पांच किलो वाला सिलिंडर दोबारा रीफिल कराने के लिए 767 रुपये का भुगतान करना होगा।


उपभोक्ता बोले-एजेंसियों में नहीं मिल रहा सहयोग

ई-केवाईसी कराने में कई तरह की परेशानियां भी सामने आ रही हैं। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसियों पर पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा, जिससे ई-केवाईसी में देरी हो रही है। वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता भी हैं, जो समय रहते प्रक्रिया पूरी कराने में लापरवाही बरत रहे हैं।


ऐसे कराएं ई-केवाईसी

  • मोबाइल एप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन प्रक्रिया
  • गैस कंपनी का आधिकारिक एप डाउनलोड करें: इंडेन गैस के लिए इंडेन आयल वन एप
  • भारत गैस के लिए हेलो बीपीसीएल एप
  • एचपी गैस के लिए एचपी पे एप का प्रयोग करें।
  • फोन में आधार फेस आरडी एप भी इंस्टाल होना चाहिए।
  • ई-केवाईसी का विकल्प चुनें और चेहरा स्कैन के जरिए प्रक्रिया पूरी करें।


अधिकृत गैस एजेंसी के माध्यम से

  • अगर आप एप का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं तो अधिकृत गैस एजेंसी जा सकते हैं।
  • वहां आपको अपना आधार कार्ड, गैस पासबुक और रजिस्टर्ड मोबाइल फोन नंबर साथ ले जाना होगा।
  • एजेंसी पर फिंगरप्रिंट या आइरिस (आंख) स्कैनर डिवाइस से बायोमेट्रिक सत्यापन तुरंत हो जाएगा।


गैस डिलीवरी कर्मचारी के जरिए

आपके घर एलपीजी सिलिंडर लेकर डिलीवरीमैन आए तो आप उनके मोबाइल एप (फेस या बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन टूल) के जरिए मौके पर ही अपना ई-केवाईसी सत्यापन करा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- IIT Bombay के शिक्षक के समर्थन में आया कानपुर आईआईटी, फैकल्टी फोरम ने की ये मांग