Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    15 अगस्त से पहले हर हाल में कर लें ये जरूरी काम, वरना कमर्शियल के दाम पर मिलेगा घरेलू LPG सिलिंडर

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 06:30 AM (IST)

    उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक एलपीजी सिलेंडरों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है, अन्यथा घरेलू सिलेंडर व्यावसायिक मूल्य पर मिलेगा। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    जागरण संवाददाता, कानपुर। एलपीजी सिलिंडरों का सत्यापन न कराए जाने पर उपभोक्ताओं को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उनको घरेलू सिलिंडर, कमर्शियल सिलिंडर के मूल्य पर मिलेगा। वर्तमान समय में 14.2 किलो का घरेलू सिलिंडर 957 रुपये में है।

    19 किलो का कमर्शियल सिलिंडर 2950 रुपये में है। घरेलू सिलिंडर की एक किलो एलपीजी 67.29 रुपये की पड़ती है। वहीं कमर्शियल सिलिंडर की एक किलो एलपीजी 155.26 रुपये की पड़ रही है। ई-केवाइसी न कराने पर घरेलू सिलिंडर के उपभोक्ताओं को प्रति किलो एलपीजी के लिए 87.97 रुपये अतिरिक्त देने पड़ सकते हैं।

    इंडियन ऑयल ने सभी गैस वितरण एजेंसियों 15 अगस्त तक शत प्रतिशत ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए हैं। जो उपभोक्ता अपने कनेक्शन की ई-केवा ईसी नहीं कराते हैं, उनको महंगी एलपीजी लेनी पड़ सकती है। इसका असर उनकी जेब पर पड़ेगा। सरकार ने राशन कार्ड धारकों की तरह ही एलपीजी उपभोक्ताओं की भी ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए है।

    यह प्रक्रिया पिछले वर्ष से चल रही है लेकिन इसकी रफ्तार बहुत सुस्त है अमेरिका-इजरायल व ईरान के बीच इस वर्ष मार्च में शुरू हुए युद्ध की वजह से एलपीजी का संकट शुरू हुआ तो गैस वितरण एजेंसियों ने सिलिंडर उपलब्ध कराने के साथ ई-केवाइसी कराने की शर्त भी रखी।

    इस दौरान काफी उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी करा ली। एलपीजी संकट समाप्त होने के बाद गैस वितरण एजेंसियों के साथ उपभोक्ताओं ने भी ई-केवाइसी में रुचि लेनी बंद कर दी। जिले में 1155849 उपभोक्ता है। इनमें से 59 प्रतिशत ने ही अब तक ई-केवाइसी कराई है।

    खबरें और भी

    ई-केवाइसी कराने वालों की संख्या 681950 है। इंडियन ऑयल के विक्रय अधिकारी भूपेंद्र नौटियाल बताते हैं कि ई-केवाईसी कराने के लिए 15 अगस्त तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी गैस वितरण एजेंसियों को निर्देश दिए गए है। एलपीजी वितरक संघ के संरक्षक भारतीश चंद्र मिश्रा बताते हैं कि उपभोक्ता अपनी गैस वितरण एजेंसी जाकर ई-केवाईसी करा सकते है। ई-केवाईसी के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे।

    घर बैठे भी करा सकते हैं ई-केवाईसी

    उपभोक्ता गैस वितरण कंपनी के एप से घर बैठे बी ई-केवाईसी करा सकते है। उनको गैस वितरण एजेंसी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए उनको गूगल प्ले स्टोर से अपनी गैस वितरण कंपी का एप डाउनलोड करना होगा। इंडेन के उपभोक्ता इंडेन वन, भारत गैस के उपभोक्ता हैलो बीपीसीएल, एचपी गैस के उपभोक्ता एचपी पे एप पर अपने एलपीजी कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर से लाग इन करेंगे।

    यहां ई-केवाइसी आधार वैरिफिकेशन या अपडेट ई-केवाईसी का विकल्प दिखाई देगा। उस पर टैप कर अपने 12 अंकों के आधार नंबर को भरना होगा। इसके बाद आधार फेस आरटी एप की मदद से फेस आथेंटिकेशन (चेहरे की पहचान) कराना होगा। ई-केवाईसी पूरी होने पर स्क्रीन पर कन्फर्म लिखकर आएगा अथवा मोबाइल पर एसएमएस आएगा।

    यह भी पढ़ें- UPTTI कानपुर में तैयार हो रहा स्मार्ट बायोडिग्रेडेबल डायपर और सैनिटरी नैपकिन, भर जाने पर सेंसर देगा अलर्ट