कानपुर में जेप्टो ऑफिस के बेसमेंट में लगी भीषण आग, धुएं के गुबार में नहीं दिख रहा कुछ, 9 लोग फंसे
कानपुर के कल्याणपुर स्थित मैक्स शोरूम के बेसमेंट में जिप्टो ऑफिस और ओयो होटल में भीषण आग लग गई। पुलिस ...और पढ़ें
HighLights
कल्याणपुर के केशवपुरम आवास विकास-एक स्थित तीन मंजिला बिल्डिंग में हुआ हादसा
बिल्डिंग के भूतल और प्रथम तल पर मैक्स कपड़े का शोरूम तीसरी मंजिल पर चलता है होटल
सात गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, धुएं से आसपास लोगों का घुटने लगा दम
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर(कानपुर)। कल्याणपुर के केशवपुरम आवास विकास-एक स्थित तीन मंजिला बिल्डिंग के बेसमेंट में बने जेप्टो (क्विक कामर्स) में शुक्रवार शाम करीब सात बजकर 20 मिनट पर शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से धुआं भूतल और पहली मंजिल पर स्थित मैक्स शोरूम में और तीसरे मंजिल पर होटल में भरना शुरू हुआ था। जिससे अफरातफरी मच गई कर्मचारियों ने शोरूम में मौजूद सभी लोगों को बाहर किया और पुलिस के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
शाम का समय होने की वजह से यातायात के दबाव के चलते दमकल की गाड़ियां करीब आधे घंटे देरी से पहुंची। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के साथ ही फजलगंज,किदवई नगर,लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन से एक के बाद एक सात गाड़ियां मौके पर पहुंची।

बेसमेंट में आग लगने के बाद नजर आता धुआं। जागरण
जेप्टो के आफिस में प्लास्टिक की कैरट व अन्य कबाड़ के जलने से उठने वाले दमघोंटू धुएं की वजह से आसपास के लोगेां को सांस लेने तक में परेशानी हो रही थी। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद होटल में छह युवक,एक युवती और दो कर्मचारियेां समेत कुल 15 लोगों को सुरक्षित उतार लिया गया।

कल्याणपुर के केशवपुरम आवास विकास एक स्थित तीन मंजिला बिल्डिंग के बेसमेंट में आग लगने से फंसे स्वजन को लेकर बाहर परेशान नजर आती युवती। जागरण
भाजपा नेता बृजेश तिवारी का केशवपुरम आवास विकास-एक में तीन मंजिला बिल्डिंग हैं। जिसके बेसमेंट में जेप्टो का आफिस, भूतल व पहली मंजिल पर मैक्स कपड़ों का शोरूम है। जबकि तीसरी मंजिल पर सनबर्ड नाम से होटल है।

कल्याणपुर के केशवपुरम आवास विकास एक स्थित तीन मंजिला बिल्डिंग के बेसमेंट में आग लगने से बिल्डिंग में फंसे बेटे सनी को लेकर परेशान नजर आती मां सीमा व अन्य स्वजन। जागरण
कर्मचारियों ने बताया कि जेप्टो का आफिस खाली हो रहा है उनके कर्मचारियों सामान शिफ्ट करवा रहे थे। इस दौरान शाम करीब सात बजकर 20 मिनट पर शार्ट सर्किट से आग लग गई। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि मच्छरों से बचने के लिए कर्मचारी क्वाइल जला रहे थे। आफिस में प्लास्टिक की कैरट समेत अन्य सामान में आग लग गई जिसे देखकर कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे।

बेसमेंट में आग लगने के बाद नजर आता धुआं। जागरण
आग ने पूरे बेसमेंट को अपनी चपेट में ले लिया जिससे धुआं ऊपर उठते ही कपड़ों के शोरूम और होटल में भरने लगा। घटना से अफरातफरी मच गई और खरीदारी कर रहे जान बचाकर बाहर भागे। वहीं होटल में छह युवक,एक युवती और दो कर्मचारी तीसरी मंजिल पर फंस गए।

बेसमेंट में आग लगने के बाद नजर आता धुआं। जागरण
आग की जानकारी मिलते ही डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी,एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह के साथ सर्किल फोर्स पहुंचा और डायवर्जन कर दमकल की गाड़ियों के लिए रास्ता बनाया गया। दमकल के जवानों ने एक्जास्ट लगाकर धुआं निकालना शुरू किया साथ ही बेसमेंट में पानी की बौछार की।
दमघोंटू धुएं की वजह से बिल्डिंग में घुसने पर दम घूट रहा था इस पर अग्निशमन अधिकारी परमानंद पांडेय छह जवानों के साथ ब्रीदिंग सेट पहनकर अंदर घुसे और टफन ग्लास तोड़कर तीसरी मंजिल पर फंसे लोगों को मुंह पर गीला कपड़ा बांधकर नीचे उतारा गया।
बिल्डिंग के बेसमेंट में जेप्टो का आफिस है जिसमें रखे सामान और कबाड़ में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। जिसमें धुआं ऊपर की मंजिल में भरने से होटल में लोग फंस गए थे। सभी को सुरक्षित निकाल गया है,अग्निशमन विभाग हादसे की जांच कर रहा है।
- एसएम कासिम आबिदी, डीसीपी पश्चिम
यह भी पढ़ें- कानपुर: डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर मरीजों को दवा लिखने वाले ड्राइवर पर होगी FIR, जांच टीम गठित
