Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Kanpur में भीषण आग का तांडव: 32 दुकानें राख, 5 सिलिंडर धमाकों से दहला फूलबाग

    Updated: Mon, 06 Apr 2026 06:19 PM (IST)

    कानपुर के फूलबाग स्थित सब्जी मंडी में सोमवार को 32 दुकानों में भीषण आग लग गई। फीलखाना थाना क्षेत्र के ओआईएफ के पास हुई इस घटना से इलाके में अफरातफरी म ...और पढ़ें

    HighLights

    1. मालरोड, कानपुर में 32 दुकानों में लगी आग।

    2. सब्जी मंडी की दुकानें जलकर खाक हुईं, अफरातफरी।

    3. दमकल ने आग बुझाई, कोई जनहानि नहीं हुई।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के फूलबाग में सोमवार शाम को अचानक आग की लपटों से 32 दुकानें घिर गईं। एक के बाद एक पांच धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई। लोगों में अफरातफरी मच गई।

    फूलबाग में आर्डनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री (ओईएफ) के पास फल और सब्जीमंडी में सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे फास्टफूड की बंद दुकान के सामने तारों में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से भीषण आग लग गई। मछली, फल-सब्जी, फास्टफूड और किराने की 32 दुकानें धू-धूकर जल गईं।

    हादसे के दौरान दुकानों में रखे चार घरेलू सिलिंडर और एक छोटा पेट्रोमैक्स सिलिंडर भी धमाके से फट गए, इससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। मीरपुर, कर्नलगंज और लाटूश रोड से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि इससे पहले ओईएफ की दमकल ने आग बुझाना शुरू कर दिया था।

    WhatsApp Image 2026-04-06 at 19.26.12

    ओईएफ के पास यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को नगर निगम ने फेरी नीति के तहत करीब 100 दुकानदारों को फुटपाथ पर टिनशेड युक्त दुकानें आवंटित की थीं। इसमें फल-सब्जी, मछली, फास्टफूड और किराना दुकानें संचालित हैं। सोमवार शाम प्रहलाद सैनी उर्फ छोटू मैगी की मां का निधन हो गया था। इसके चलते उसकी दुकान बंद थी। दुकान के सामने से निकले तारों में शार्ट सर्किट से आग लगी जिसकी चिंगारी दुकान के अंदर जा गिरी। जिससे आग लग गई।

    इसके बाद आग बढ़ते हुए कमला देवी, राजू, रमेश, सनी, पप्पू, सुमन, रिशु कश्यप की दुकानों तक पहुंच गई। हादसे के दौरान ही दुकानों में रखे चार घरेलू और एक छोटे पेट्रोमैक्स सिलिंडर धमाके के साथ फटे तो इलाका दहल उठा और 32 लोगों की दुकानें जल गईं। आंखों के सामने सबकुछ जलता और बर्बाद होता देख बेबस दुकानदार रो पड़े। उनके घरों की महिलाएं और बच्चे बिलख रहे थे।

    खबरें और भी

    आसपास के दुकानदारों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी तो कोतवाली, फीलखाना पुलिस के साथ मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा, लाटूश रोड अग्निशमन अधिकारी कैलाश चंद्रा तीन गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मीरपुर फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी कैंट होते हुए पहुंची लेकिन तब तक ओईएफ की एक गाड़ी ने आग बुझाना शुरू कर दिया था। करीब डेढ़ घंटे बाद आग बुझी। विधायक अमिताभ बाजपेई, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई के साथ ही व्यापारी नेता विनोद गुप्ता आदि ने दुकानदारों को सांत्वना देते हुए आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

    जाम में फंसीं दमकल की गाड़ियां

    कंट्रोल रूम पर आग की सूचना मिलते ही लाटूश रोड से तीन और कर्नलगंज से एक गाड़ी रवाना हुई लेकिन सोमवार शाम को यातायात के भारी दबाव के चलते परेड, बड़ा चौराहा और नई सड़क पर जाम लग गया और आधा घंटे बाद पहुंच सकीं। हालांकि जानकारी मिलते ही मीरपुर से एक गाड़ी रवाना हुई जो कैंट होते हुए मौके पर तुरंत पहुंच गई। हालांकि ओईएफ ने भी अपनी एक गाड़ी भेजी जिसने पहले ही आग बुझाना शुरू कर दिया था।

    दहेज के सामान संग बेटी के ब्याह के अरमान भी जले

    फल और सब्जी की दुकान लगाने वाले नक्छेद ने बताया कि 20 अप्रैल को बेटी लक्ष्मी की शादी होनी है। दुकान में ही दहेज का सामान जुटाकर रखा था। आसपास की दुकानों से बढ़ती हु़ई आग उनकी दुकान में पहुंच गई जिससे पूरी दुकान और उसमें रखा दहेज का सारा सामान जल गया। बोले, अब बेटी के हाथ कैसे पीले होंगे। आग में बेटी को दहेज में देने के लिए रखे सामान के साथ ही उनके अरमान भी जल गए। वहीं रिशु कश्यप ने बताया कि 21 जून को बहन की शादी होनी हैं। दुकान जलने से सारा सामान राख हो गया। अब बहन के हाथ कैसे पीले होंगे, समझ नहीं आ रहा है।

    जीवन भर की कमाई और नकदी जेवरात जले

    बेटी सोनी और दामाद अनीस के साथ फल-सब्जी और कपड़े की दुकान चलाने वाली रामदुलारी चौरसिया का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बोलीं, उन्होंने दुकान में ही पांच लाख की नकदी और 10 लाख के जेवर समेत जीवनभर की कमाई गठरियों में जोड़कर रखी थी जो जल गई। किसी तरह अनीस ने लोगों की मदद से गठरी में रखे जेवरात और नोट निकाले जो काफी हद तक जल चुके थे। वहीं सब्जी की दुकान जलने से रमेश उनकी पत्नी शशि और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रमेश ने बताया कि वह चौराहे पर ठेला लगाकर खड़े थे।

    इनकी दुकानें जलीं

    कमला देवी, राजू, प्रहलाद सैनी, रमेश, सनी, पप्पी, सुमन, रिशु कश्यप, कमलादेवी मिश्रा समेत 32 लोग शामिल हैं।

     

    दुकानों के अंदर रखे सिलिंडर फटने से आग बुझाने में समस्या आई थी लेकिन डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
    - दीपक शर्मा,मुख्य अग्निशमन अधिकारी

     

    हादसे के बाद राजस्व विभाग की टीम ने आकलन किया है। 27 दुकानें जलने की बात कही है। रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी।
    विनय कुमार द्विवेदी, तहसीलदार