Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर में गोल चौराहा से रामादेवी तक 988 करोड़ से 11 किमी लंबा बनेगा एलीवेटेड रोड, 25 को नितिन गडकरी करेंगे शिलान्यास

    Updated: Fri, 08 May 2026 03:52 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 25 मई को कानपुर में गोल चौराहे से रामादेवी तक 11 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का शिलान्यास करेंगे। 988.30 करोड़ रुपये की लाग ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. नितिन गडकरी 25 मई को एलिवेटेड रोड का शिलान्यास करेंगे

    2. 11 किलोमीटर लंबी सड़क 988.30 करोड़ रुपये में बनेगी

    3. कानपुर की यातायात समस्या में सुधार होगा, तीन साल में पूरी।

    जागरण संवाददाता,कानपुर। कानपुर शहर की वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत दिलाने वाली बहुप्रतीक्षित गोल चौराहे से रामादेवी तक एलिवेटेड रोड परियोजना का शिलान्यास आगामी 25 मई को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को सांसद देवेन्द्र सिंह भोले को फोन कर कार्यक्रम की जानकारी दी। वहीं सांसद रमेश अवस्थी को भी पत्र के माध्यम से सूचना दी गई है।


    बीते 24 फरवरी 2026 केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अपने एक्स अकाउंट के माध्यम से एलीवेटेड रोड निर्माण के लिए 988.30 करोड़ रुपये बजट स्वीकृत होने की जानकारी दी थी। निर्माण को लेकर 20 दिसंबर 2025 को सैद्धांतिक सहमति मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी एनएच के अभियंताओं ने एलीवेटेड रोड निर्माण के लिए वन एवं पर्यावरण के साथ ही रेल मंत्रालय की एनओसी लेने की कार्रवाई शुरू कर दी थी।

    एलीवेटेड रोड परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को स्वीकृति के लिए बीते एक साल से प्रक्रिया चल रही थी। पीडब्ल्यूडी एनएच के लखनऊ मुख्यालय से चार माह पहले फाइल दिल्ली स्थित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के कार्यालय में भेजी गई थी। मंत्रालय में डिजाइन और तकनीकी बिंदुओं की प्राथमिक जांच के बाद 20 दिसंबर 2025 को सैद्धांतिक सहमति मिली गई थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने बजट स्वीकृति की घोषणा की थी।

    एलीवेटेड रोड में करीब 10 किमी का हिस्सा कानपुर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जबकि एक किमी का हिस्सा अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में आता है। दोनों लोकसभा क्षेत्रों के सांसद एलीवेटेड रोड स्वीकृति कराने के लिए लगातार केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर रहे थे। जिसके बाद गुरूवार को केंद्रीय मंत्री ने 25 मई को एलीवेटेड रोड का शिलान्यास करने की सांसदों की जानकारी दी। पीडब्ल्यूडी एनएच के अधिशासी अभियंता अरूण कुमार जयंत ने बताया कि एलीवेटेड रोड निर्माण में लगभग तीन वर्ष का समय लगेगा। सभी विभागों से अनापत्ति लेने की औपचारिकताओं को लगभग पूरा कर लिया गया है। मंत्रालय स्तर से टेंडर फाइनल करने की प्रक्रिया जारी है।

    11 किलोमीटर लंबी होगी एलीवेटेड रोड

    गोल चौराहे से रामादेवी तक बनने वाली एलीवेटेड रोड की लंबाई 11 किलोमीटर की होगी। एलीवेटेड रोड बनने से झकरकटी बस अड्डा, जरीब चौकी और सीओडी क्रासिंग जैसे इलाकों में यातायात का दबाव काफी हद तक कम होगा, इन तीनों स्थानों में एलीवेटेड से चढ़ने-उतरने के लिए रैंप बनाए जाएंगे।

    खबरें और भी

    20 बार बदला एलीवेटेड रोड का डिजाइन

    जनवरी 2024 में एलीवेटेड रोड की डीपीआर बनाने का काम शुरू हुआ था। हेक्सा कंपनी को नवंबर 2024 तक डीपीआर सौंपनी थी, लेकिन विभागीय इंजीनियरों और कंपनी के बीच बार-बार हुए संशोधनों के कारण यह काम तय समय से करीब 15 माह पीछे चला गया। डीपीआर में लगभग 20 बार बदलाव किए गए, तब जाकर इसे स्वीकृति के लिए भेजा जा सका। सबसे ज्यादा संशोधन अलाइमेंट, रैंप डिजाइन को लेकर हुए। झकरकटी बस अड्डे, जरीब चौकी और सीओडी क्रासिंग पर प्रस्तावित रैंपों की ऊंचाई, मोड़ और सुरक्षा मानकों को लेकर बार-बार आपत्तियां उठीं। इसके साथ ही जरीब चौकी पर पहले एलीवेटेड रोड को सेतु निगम के ओवरब्रिज से छह मीटर ऊपर ले जाने का प्रस्ताव था, लेकिन इसे जोखिमपूर्ण और महंगा मानते हुए डिजाइन बदला गया और अब एलीवेटेड रोड को सीधे ओवरब्रिज से जोड़ने का विकल्प अपनाया गया है।

    बोले सांसद

    केंद्रीय मंत्री के द्वारा कार्यालय को पत्र भेजने के साथ ही गुरूवार सुबह काल करके शिलान्यास करने की जानकारी दी गई है। वर्ष 2015 से मंधना-अनवरगंज रेलवे कारीडोर और गोल चौराहे से रामादेवी तक एलीवेटेड रोड निर्माण के प्रयास किए जा रहे थे। नीति आयोग की कुछ आपत्तियों के चलते एलीवेटेड रोड के निर्माण में अड़चने आई थी। लेकिन सभी के संयुक्त प्रयास से इस परियोजना को स्वीकृति मिली है।
    देवेन्द्र सिंह भोले, सांसद, अकबरपुर, लोकसभा क्षेत्र



    लोकसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे को पूरा किया है। यह परियोजना कानपुर के यातायात ढांचे को नई दिशा देने वाली साबित होगी। प्रधानमंत्री के साथ ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बहुत-बहुत आभार। शहर के समग्र विकास और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
    रमेश अवस्थी, सांसद, कानपुर नगर लोकसभा क्षेत्र