Kanpur Crime: दो साल बंधक बनाकर ड्रग्स के इंजेक्शन दिए, 100 करोड़ की संपत्ति 6 करोड़ में लिखवाई; तीन जेल गए
कानपुर में एक युवक ने अपने दोस्त और उसके बिल्डर पिता सहित 16 लोगों पर दो साल तक नशीले पदार्थ ...और पढ़ें

HighLights
युवक को दो साल तक ड्रग्स देकर बंधक बनाया गया।
100 करोड़ की संपत्ति 6 करोड़ में हड़पी गई।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में एक युवक ने अपने दोस्त, उसके बिल्डर पिता समेत 16 लोगों पर नशीले पदार्थ देकर बंधक बनाने, मारपीट करने और परिवार की संपत्तियां हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्तियां छह करोड़ रुपये में लिखवाई गईं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है।
कानपुर में दो साल तक बंधक, ड्रग्स के इंजेक्शन देने और 100 करोड़ की संपत्ति हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने दोस्त, उसके बिल्डर पिता समेत 16 लोगों पर नशीले पदार्थ देकर बंधक बनाने, मारपीट करने और परिवार की संपत्तियां हड़पने की शिकायत दी।
कालपी रोड राधाकुंज निवासी प्रणवपत सिंहानिया ने स्वरूप नगर थाने में अपने दोस्त सुयश अस्थाना, उसके बिल्डर पिता समेत 16 लोगों पर नशीला पदार्थ देकर अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट और परिवार की संपत्तियां हड़पने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के मुताबिक, नशे की ओवरडोज देकर दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान कराए गए। जान से मारने की धमकी देकर संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने का भी आरोप है। शिकायत पर स्वरूप नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल स्टोर संचालक श्रीराम उर्फ रमित मिश्रा को गिरफ्तार किया है।
फजलगंज के राधाकुंज निवासी प्रणव पत सिंघानिया के मुताबिक, उसकी दोस्ती वर्ष 2020 में सुयश अस्थाना से हुई थी। वह उसे गांजा का नशा कराने लगा। इसके बाद उसने वर्ष 2024 में उसे बेनाझाबर के जलकल के सामने मिला और गांजे का नशा कराया। तभी उसने उसकी संपत्ति के बारे में पूछा।
चचेरे भाई से संपत्ति विवाद की जानकारी लेकर उसने संपत्ति में हिस्सा दिलाने का लालच दिया और इसके बाद अपने बिल्डर पिता अनूप अस्थाना, अधिवक्ता बृजेंद्रनाथ मिश्रा, मेडिकल स्टोर संचालक श्रीराम उर्फ रमित समेत लोग कार से उसे स्वरूप नगर स्थित होटल ले गए, जहां उसे ड्रग्स का इंजेक्शन देकर तीन माह तक बंधक बनाया।
इसके बाद दूसरे होटल ले गए, जहां दो साल तक बंधक बनाकर ड्रग्स के इंजेक्शन देते रहे। इस दौरान वे लोग स्वरूप नगर स्थित अपने आफिस ले गया, जहां उन लोगों ने उसकी राधा कुंज में 100 करोड़ की संपत्ति को छह करोड़ में लिखवा ली। यहीं नहीं आरोपितों ने दबाव बनाकर उनकी कूपरगंज की संपत्ति का एक तिहाई हिस्सा तीन लाख में अपने नाम करा लिया।
आरोप है कि उन लोगों ने रजिस्ट्रार को खुद आफिस बुलाया था। दो साल तक ड्रग्स की ओवरडोज देकर आरोपितों ने संपत्ति और रुपये हड़प लिए। मामले में प्रणव ने स्वरूप नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने सुयश अस्थाना, श्रीराम, बृजेंद्र नाथ मिश्रा को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। अन्य की तलाश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।