Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 23, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    यूपी के इस जिले में 320 करोड़ की लागत से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, 3700 वर्ग मीटर जमीन का किया जाएगा अधिग्रहण

    Updated: Sun, 23 Mar 2025 10:49 AM (IST)

    Kanpur News उत्तर प्रदेश के कानपुर के जरीब चौकी पर लगने वाले जाम से जल्द ही लोगों को निजात मिलने वाली है। जरीब चौकी आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) निर्माण के ...और पढ़ें

    जरीब चौकी चौराहा से निकलते वाहन । जागरण
    जरीब चौकी चौराहा से निकलते वाहन । जागरण

    HighLights

    1. वित्त व्यय समिति ने बजट पर लगाई अपनी मुहर
    2. रोड के चारों ओर 12 मंदिर किए जाएंगे विस्थापित
    3. 1750 मीटर लंबाई होगी आरओबी की
    4. 3700 वर्ग मीटर जमीन का होगा अधिग्रहण

    जागरण संवाददाता, कानपुर। शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल जरीब चौकी पर लोगों को जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। जरीब चौकी आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) निर्माण के लिए शासन की वित्त व्यय समिति ने 320 करोड़ के बजट की स्वीकृति प्रदान कर दी है। लगभग 1750 मीटर लंबे पुल का निर्माण जरीब चौकी चौराहे के चारों ओर होगा।

    बीते पांच वर्षों से जरीब चौकी पर आरओबी निर्माण की कवायद चल रही थी। स्थानीय स्तर से लेकर शासन तक 35 से ज्यादा बैठकें और दो बार डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनने के बाद आखिरकार आरओबी के लिए बजट पास हो गया।

    84 इमारतों का किया जाएगा अधिग्रहण

    जरीब चौकी आरओबी निर्माण के लिए सेतु निगम 84 इमारतों का अधिग्रहण करेगा। इमारतों और जमीन का मूल्यांकन हो चुका है। इसके लिए प्रशासनिक टीम सर्किल रेट के आधार पर मूल्यांकन करके रिपोर्ट मंडलायुक्त को भेज चुकी है। आरओबी के लिए सेतु निगम 3700 वर्गमीटर जमीन का अधिग्रहण करेगा। जरीब चौकी में जीटी रोड के दोनों ओर और कालपी रोड की तरफ चार-चार सौ मीटर पुल की लंबाई होगी।

    वहीं सीसामऊ थाने की ओर पुल की लंबाई साढ़े तीन सौ मीटर रखी गई है। पुल निर्माण को लेकर रोड के चारों ओर पड़ने वाले 12 मंदिरों को विस्थापित किया जाएगा। जीटी रोड में चौराहे के दोनों ओर चार-चार सौ मीटर तक 84 आवास, घर, दुकान, होटलों को चिह्नित किया गया है। इनकी सूची तैयार करके प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को सौंप दी गई है। इनके मुआवजे का निर्धारण सर्किल रेट के आधार पर किया गया है।

    खबरें और भी

    बजट प्रस्ताव पर वित्त समिति ने चलाई कैंची

    जरीब चौकी में आरओबी निर्माण के लिए सेतु निगम ने 475 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की थी। वहीं इससे पहले अंडरपास निर्माण के लिए सेतु निगम ने 640 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की थी लेकिन जूही खलवा पुल में पानी भरने की समस्या को देखते हुए इसे प्रशासन ने खारिज कर आरओबी का निर्णय लिया था।

    शनिवार को शासन में हुई वित्त व्यय समिति ने 320 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। सेतु निगम के महाप्रबंधक ने बताया पहले दूसरे विभागों के द्वारा अनुमानित बजट प्रस्तावित कर उसे सुधारा गया। इसके बाद 320 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

    आरओबी निर्माण के लिए इन स्थानों पर होगा जमीन का अधिग्रहण

    क्षेत्र का नाम चिह्नित जमीन

    • जरीब चौकी से फजलगंज की ओर 1040 वर्ग मीटर
    • जरीब चौकी से घंटाघर की ओर 136 वर्ग मीटर
    • जरीब चौकी से रामादेवी की ओर 925 वर्ग मीटर
    • जरीब चौकी से गोल चौराहे की ओर 1593 वर्गमीटर

    महाप्रबंधक सेतु निगम, धर्मवीर सिंह ने बताया

    जरीब चौकी आरओबी के लिए वित्त व्यय समिति ने बजट को स्वीकृत कर दिया है। 320 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी बनाया जाएगा। शासनादेश जारी होते ही टेंडर प्रक्रिया की कार्रवाई को पूरा किया जाएगा।

    इसे भी पढ़ें: यूपी में गेहूं खरीद के लिए 12 घंटे की ड्यूटी का विरोध, कर्मचारियों ने प्रमुख सचिव को सौंपा ज्ञापन