Railway Updates: कानपुर में 16 से 22 अगस्त तक प्रभावित रहेंगी ये ट्रेनें, सांबा स्टेशन पर चार ट्रेनों को मिलेगा ठहराव
कानपुर में 16 से 22 अगस्त तक गाजियाबाद-टूंडला रेलखंड पर आरओबी निर्माण के कारण कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इसके अतिरिक्त, ...और पढ़ें

HighLights
गाजियाबाद-टूंडला रेलखंड पर आरओबी निर्माण से ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
वलसाड स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से संचालन में बदलाव होगा।
सांबा स्टेशन पर चार ट्रेनों को नया ठहराव मिला है।
जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में गाजियाबाद-टूंडला रेलखंड के बीच लेवल क्रासिंग संख्या 152बी पर आरओबी निर्माण के लिए स्टील गर्डर लांचिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए पावर और ट्रैफिक ब्लाक लिया जाएगा। इसके चलते 16 से 22 अगस्त के बीच कई ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय से नियंत्रित किया जाएगा।
ट्रेन नंबर 15707 कटिहार-अमृतसर 16, 18, 19 और 21 अगस्त को 60 मिनट और 17 व 20 अगस्त को 90 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 14217 प्रयागराज संगम-चंडीगढ़ 17, 19, 20 और 22 अगस्त को 25 मिनट तथा 18 व 21 अगस्त को 45 मिनट नियंत्रित होगी। ट्रेन नंबर 12801 पुरी-नई दिल्ली 16, 18, 19 और 21 अगस्त को 15 मिनट तथा 17 व 20 अगस्त को 35 मिनट नियंत्रित कर संचालित की जाएगी।
इसके अलावा ट्रेन नंबर 15025 मऊ-आनंद विहार टर्मिनल 18 व 21 अगस्त को 65 मिनट, 12397 गया-नई दिल्ली 18 व 21 अगस्त को 25 मिनट तथा 14005 सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनल और 02569 दरभंगा-नई दिल्ली भी इन्हीं तारीखों में 15 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएंगी।
वलसाड स्टेशन पर भी प्रभावित रहेगा संचालन
पश्चिम रेलवे के वलसाड स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग की कमीशनिंग के कारण कानपुर से चलने वाली ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित होगा। ट्रेन नंबर 12944 कानपुर सेंट्रल-वलसाड 21 अगस्त को वलसाड के बजाय भेस्तान तक ही जाएगी। वहीं 19051 वलसाड-मुजफ्फरपुर 22 अगस्त को वलसाड के बजाय भेस्तान से रवाना होगी। ट्रेन नंबर 04119 सूबेदारगंज-वलसाड 22 अगस्त को वलसाड के बजाय उधना तक जाएगी, जबकि 04120 वलसाड-सूबेदारगंज 23 अगस्त को वलसाड के स्थान पर उधना से चलेगी।
सांबा स्टेशन पर चार ट्रेनों को मिलेगा ठहराव, जम्मूतवी का समय भी बदलेगा
वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए सांबा स्टेशन पर चार ट्रेनों को ठहराव देने का निर्णय लिया है। इनमें माता वैष्णो देवी कटरा से सूबेदारगंज आने-जाने वाली ट्रेन समेत दक्षिण भारत से कटरा जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं। तीन ट्रेनों के जम्मू तवी स्टेशन पर पहुंचने और रवाना होने के समय में भी बदलाव किया गया है।
इन ट्रेनों को सांबा में मिलेगा ठहराव
- ट्रेन नंबर 20434 माता वैष्णो देवी कटरा-सूबेदारगंज एक्सप्रेस 15 अगस्त से सांबा स्टेशन पर शाम 5:24 बजे पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 5:26 बजे रवाना होगी।
- ट्रेन नंबर 16031 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 16 अगस्त से सांबा में सुबह 7:18 बजे पहुंचेगी और 7:20 बजे रवाना होगी।
- ट्रेन नंबर 16787 तिरुनेलवेली-माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस को 17 अगस्त से सांबा स्टेशन पर सुबह 7:18 बजे ठहराव मिलेगा। ट्रेन 7:20 बजे रवाना होगी।
- इसी तरह ट्रेन नंबर 16317 कन्याकुमारी-श्री माता वैष्णो देवी कटरा हिमसागर एक्सप्रेस 21 अगस्त से सांबा स्टेशन पर सुबह 7:18 बजे पहुंचेगी और 7:20 बजे रवाना होगी।
जम्मूतवी पर पांच मिनट पहले पहुंचेगी ट्रेन
सांबा में ठहराव दिए जाने के कारण 16787, 16317 और 16031 ट्रेनों के जम्मूतवी स्टेशन पर समय में भी आंशिक बदलाव किया गया है। तीनों ट्रेनें अब जम्मूतवी स्टेशन पर सुबह 8:25 बजे पहुंचेंगी और 8:30 बजे रवाना होंगी। पहले इनका जम्मूतवी पहुंचने का समय 8:20 बजे था।
