कानपुर में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म, चचेरे मामा ने खेत में ले जाकर की वारदात
कानपुर में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। चचेरे मामा ने खेत में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के स्थित एक गांव में गुरुवार देर शाम मां के साथ ननिहाल आई सात वर्षीय बच्ची को टाफी-बिस्किट दिलाने के बहाने चचेरा मामा गांव के बाहर मक्के के खेत में ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपित भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। इस बीच मौका पाकर आरोपित जंगल के रास्ते भाग निकला।
घटना के बाद बच्ची के स्वजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को काशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।
मूलरूप से साढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने बच्ची बुधवार को अपनी मां के साथ बिधनू के क्षेत्र के एक गांव स्थित ननिहाल आई थी। गुरुवार देर शाम पड़ोसी 35 वर्षीय चचेरा मामा नारायण पासवान बच्ची को टाफी-बिस्किट दिलाने के बहाने गांव के बाहर मक्के खेत में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घ बच्ची के चीखने की आवाज सुन आसपास खेत में काम कर रहे लोग दौड़े। जिसपर आरोपित मौके से भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। लोगों उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। इस बीच मौके पाकर आरोपित जंगल के रास्ते भाग निकला। स्वजन बच्ची की तबियत बिगड़ते देख पुलिस को जानकारी देने के साथ सीएचसी बिधनू ले गए। जहां से उसे काशीराम अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की जानकारी पर डीसीएपी दीपेंद्र नाथ चैधरी, एसीपी घाटमपुर कृष्ण कांत सिंह फोरेंसिक टीम संग घटना स्थल पहुंचे। जहां से साक्ष्य एकत्र कर आरोपित की तलाश में तीन टीम लगा दी। मां की तहरीर पर देर रात पुलिस ने दुष्कर्म व पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि आरोपित की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बच्ची की हालत सामान्य है।
यह भी पढ़ें- 13 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता के प्रसव मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट सख्त, प्रमुख सचिव को दिए जांच के निर्देश
