Silver Price Surge: चांदी के भाव बढ़ने से कानपुर सराफा बाजार में उथल-पुथल, थोक बाजार में आर्डर देने के कई घंटे बाद डिलीवरी
Gold Silver Rate Kanpur: कानपुर के सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव से उथल-पुथल मची है। चांदी ...और पढ़ें

HighLights
चांदी बेचने पर 15 से 20 हजार रुपये कम पर हो रही है खरीद
फुटकर खरीदार बाजार भाव से नीचे खरीद रहे
जागरण संवाददाता , कानपुर। Gold Silver Rate Kanpur: सोने चांदी के बढ़ते दामों ने कानपुर के सराफा बाजार में उथल -पुथल मचा रखी है।सबसे ज्यादा परेशानी चांदी के भाव को लेकर हो रही है। एक दिन में 15 हजार से भी ज्यादा बढ़ोत्तरी होने की वजह से अब सराफा कारोबारी भी फूंक- फूंक कर कदम रख रहे हैं। थोक बाजार में चांदी की खरीद में सौदा करने के कई घंटे बाद ही डिलीवरी हो रही है। दूसरी ओर फुटकर बाजार में चांदी के खरीदार बाजार से इतना डरे हुए हैं कि 15 से 20 हजार रुपये नीचे जाकर खरीद कर रहे हैं।
सराफा बाजार में सभी नियम टूट चुके है। अब बाजार में एक दिन की भी स्थिरता नहीं दिख रही है। इसलिए कोई भी सौदा तब तक खरा नहीं उतर रहा है जब तक माल हाथ में न आ जाए। इसमें सराफा का घोषित बाजार भाव भी फेल हो रहा है। इसलिए खरीद और बिक्री के सौदों के भाव में भी बड़ा अंतर आ रहा है।
कभी कानपुर का सराफा बाजार आस - पास के जिलों ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश में सोने - चांदी का भाव तय करता रहा है। हर रोज दोपहर में जो बाजार भाव खुलता था उस पर ही सभी सराफा कारोबारी अपने ग्राहकों के साथ लेन - देन करते रहे हैं। अब स्थितियां बदल गई हैं। एक दिन में ही चांदी और सोने के भाव में हजारों रुपये का उतार - चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हाल यह है कि अगर फुटकर कारोबारी किसी ग्राहक को चांदी के जेवर या कुछ सामान बेच रहे हैं तो दोबारा चांदी खरीदने पर उन्हें हजारों रुपये अधिक चुकाने पड़ रहे हैं जो उनके पहले की खरीद और मुनाफे से भी ज्यादा है।
जानें क्या कहते हैं सराफा कारोबारी
शास्त्री नगर के सराफा कारोबारी पुष्पेंद्र जायसवाल ने बताया कि चांदी खरीदने के समय पर ही अगर थोक बाजार में बिक्री का सौदा नहीं कर लिया तो घाटा होना तय है। हाल यह है कि जब तक दुकान से माल लेकर बाजार पहुंचें तब तक दाम में 10 से 20 हजार रुपये का अंतर आ रहा है। अगर भाव चढ़ गए तो मुनाफा होगा लेकिन गिरने पर छोटे व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। इसलिए चांदी की ग्राहकों से खरीद करने में लोग बाजार भाव से नीचे अपना भाव तय कर रहे हैं।
सराफा एसोसिएशन ने जताई चिंता
उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के प्रदेश मंत्री राम किशोर मिश्रा के अनुसार सोने और चांदी दोनों के भाव में अस्थिरता बनी हुई है। इसलिए बाजार खुलने पर ही दाम तय हो पाते हैं। हर रोज दोपहर बाद भाव तय हो पाते हैं लेकिन अस्थिरता के कारण जब तक माल हाथ में न आ जाए कोई भी सौदा और भाव बन नहीं पा रहा है।
यह रहा भाव
शनिवार को दोपहर में तीन लाख 37 हजार रुपये प्रति किलो चांदी का भाव था लेकिन रविवार को जहां बाजार खुले हैं वहां बढ़े दाम में सौदा होने की खबर आ रही है। इसकी वजह अनिश्चितता से उत्पन्न डर है। कारोबारी को आशंका है कि अब मंगलवार को बाजार खुलेगा तो भाव ज्यादा हो सकते हैं। शनिवार को सोना भी 162500 रुपये प्रति दस ग्राम रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।