Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हमीरपुर में स्मार्ट मीटर उखाड़कर अनशन पर बैठे लोग, बिल मांगते भागे प्रदर्शनकारी, भीम आर्मी और सपा नेता समेत 3 हिरासत में

    Updated: Fri, 24 Apr 2026 07:22 PM (GMT+05:30)

    मौदहा में उपभोक्ताओं ने स्मार्ट प्रीपेड मीटरों के विरोध में प्रदर्शन किया और मीटर उखाड़कर बिजली उपकेंद्र पहुंचे। एसडीएम के हस्तक्षेप और बिजली बिल रसीद ...और पढ़ें

    स्मार्ट मीटर उखाड़कर प्रदर्शन करते प्रदर्शनकारी। जागरण

    स्मार्ट मीटर उखाड़कर प्रदर्शन करते प्रदर्शनकारी। जागरण

    HighLights

    1. धरने पर बैठे भीम आर्मी नेता से एसडीएम ने मांगी बिजली बिल की रसीद

    2. बिल नहीं दिखाने पर कार्रवाई की बात कहते ही खिसके उपभोक्ता, धरना समाप्त

    संवाद सहयोगी, मौदहा(हमीरपुर)। स्मार्ट प्रीपेड मीटरों के मामला में हर रोज नया मोड़ देखने को मिल रहा है। अधिक बिल व बिजली कटने से परेशान उपभोक्ताओं ने अब अनशन करना शुरू कर दिया है। मौदहा कस्बा स्थित बिजली उपखंड कार्यालय में तमाम उपभोक्ता अपने प्रीपेड मीटर उखाड़कर पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए अनशन शुरू कर दिया। जिसके बाद एसडीएम व सीओ ने प्रदर्शनकारियों से बिजली बिल की रसीद मांगी तो सबके हाव भाव बदल गए।

    पुलिस ने एक भीम आर्मी नेता समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। यह देख सभी प्रदर्शनकारी रफूचक्कर हो गए। विभाग द्वारा 27 लोगों के खिलाफ तहरीर देने की बात कही गई है। लेकिन पुलिस ने कोई भी तहरीर मिलने की बात से इंकार किया है।

    Hamirpur Smart Meter Protest

     

    बीते गुरुवार को प्रीपेड मीटर के विरोध में उपखंड कार्यालय परिसर में टेंट लगाकर कस्बा के निजामीपुरवा मुहल्ला के कुछ उपभोक्ताओं ने पुरानी व्यवस्था को लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने के बाद धरना शुरू किया था। धरना दे रहे उपभोक्ता शुक्रवार को घरों से अपने स्मार्ट मीटर उखाड़कर उपकेंद्र पहुंच जमकर विरोध प्रदर्शन किया और फिर से धरने पर बैठ गए।

     

    Hamirpur Smart Meter Protest

    भीम आर्मी नेता संदीप वाल्मीकि की अगुआई में पहुंचे उपभोक्ताओं के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह व सीओ राजकुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने की अपील की। लेकिन भीम आर्मी के नेता के भड़काने पर लोग शांत नहीं हुए। जिस पर पुलिस ने भीम आर्मी के नेता समेत सपाई सभासद मोहम्मद रमजानी व याकूब को हिरासत में ले लिया।

    खबरें और भी

    इसके बाद प्रदर्शनकारियों से जमा किए गए बिजली बिलों की रसीद मांगी गई। जिससे सभी आंख चुराने लगे और धीरे धीरे धरना से खिसकने लगे। इस दौरान केवल तीन महिलाएं ही बिल दिखा सकीं। भीम आर्मी नेता भी बिल दिखाने में आनाकानी करने लगा। जिसपर क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने बिना अनुमति सरकारी संस्थान में घेराव करने व सरकारी संपत्ति (मीटरों) को क्षति पहुंचाने का मुकदमा दर्ज करने की बात कही। इतना सुनते ही प्रदर्शन में शामिल महिलाएं व पुरुष वहां से रफूचक्कर हो गए। जिसके बाद धरना समाप्त हो गया। वहीं हिरासत में लिए गए युवकों को भी छोड़ दिया गया है।


    घरों से मीटरों को उखाड़ने वाले उपभोक्ताओं को चिह्नित करके मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बिना मीटर के बिजली का उपयोग करना बिजली अधिनियम की धारा 135 का उल्लंघन है। किसी को भी समस्या होती है तो वह विभागीय अधिकारियों से शिकायत करें, जिससे समाधान किया जा सके।
    - ज्ञानचंद्र यादव, अधीक्षण अभियंता।

     


    प्रीपेड मीटरों में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने टेक्निकल टीम गठित की है। उपभोक्ताओं को सरकार के बनाए नियमों का पालन करना होगा। जो नियमों का उल्लंघन करेगा उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
    - करनवीर सिंह, एसडीएम मौदहा।