Kanpur में छेड़खानी का विरोध पड़ा भारी: स्कूटी सवार युवतियों को पीटा, कार में खींचने की कोशिश, एक गिरफ्तार
कानपुर के नौबस्ता में स्कूटी सवार तीन युवतियों से कार सवार युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर युवकों ने युवतियों को टक्कर मारकर गिरा दिया और मारपीट ...और पढ़ें

HighLights
नौबस्ता थानाक्षेत्र के यशोदानगर धनुष चौराहा के पास रविवार देर शाम की घटना
युवतियों का मारपीट करके कार में खींचने का भी आरोप, दो अन्य की तलाश
जागरण संवाददाता, कानपुर। नौबस्ता में रविवार देर शाम स्कूटी से जा रही तीन युवतियों से कार सवार युवकों ने छेड़खानी की। विरोध पर कार सवारों ने युवतियों को कार की टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीड़िता ने कार नंबर के आधार पर मुकदमा कराया तो पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पीड़िता के मुताबिक वह एक फर्म में नौकरी करती हैं। रविवार को काम खत्म करके वह दो अन्य सहकर्मियों के साथ स्कूटी से घर को लौट रहीं थीं। धनुष चौराहे के पास पीछे से आए वैगनआर कार सवार युवकों ने उन पर अश्लील टिप्पणियां कीं, लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया।इस पर आरोपित पीछा करते हुए हाईवे पार करके एकाएक आगे आ गए। इसके बाद पेट्रोल पंप के पास स्कूटी में कार से टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गईं।
इसके बाद उन्हें उठाने के बहाने छेड़खानी करने की कोशिश की तो वह भिड़ गई। इस पर कार सवार आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपित कार लेकर भाग निकले। इसके बाद हेल्पलाइन पर काल करके पुलिस को सूचना दी। नौबस्ता थानाप्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि कार सवार आरोपितों की पहचान हो गई है।
घटना के वक्त कार में बाबानगर निवासी अनुराग दीक्षित, नारायणपुरी खाड़ेपुर का प्रतीक यादव और गुजैनी के अपरिचित शुक्ला थे। कार गुजैनी निवासी अर्पित की है। अपरिचित शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है।
खबरें और भी
इधर, युवती से छेड़छाड़ के विवाद में दो पक्षों में पथराव,पांच घायल
शिवराजपुर कस्बे में बरात से लौट रही युवती से छेड़छाड़ के विवाद में दो पक्षों में जमकर पथराव और सरिया चलने से पांच लोग घायल हो गए। वार्ड संख्या 10 निवासी तनवीर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को नफीस गुड़ वाले के यहां शादी कार्यक्रम था। जहां परिवार की एक युवती गई थी। शादी में मोहल्ले का जैद भी गया था। जब युवती वापस घर लौट रही थी तो जैद ने उसे रास्ते में उसके साथ छेड़छाड़ की। घर लौटने पर जब उसने पूरी बात बताई। जिस पर वह शिकायत करने जैद के पिता शमशाद के पास गया था। यहां पर शमशाद, जैद, अयान, राहिल, विक्की ने एक राय होकर ईट-पत्थर चलाते हुए हमला कर दिया।
सरिया व लोहे की राड के हमले में भाई जमीर व नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गए। वही दूसरे पक्ष के शमशाद अहमद ने पुलिस को बताया कि तनवीर आदि से उनकी रंजिश चल रही है। शादी कार्यक्रम से लौटने पर तनवीर,जमील,आफताब,रानू , आलम, व लल्ला ने उस पर पुराने विवाद के चलते लेकर हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।