यूपी टी-20 लीग मैचों का आंखों देखा हाल सुनाएंगे पूर्व क्रिकेट, पहली बार तीन भाषाओं में होगी कमेंट्री
यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला, चेतन शर्मा सहित कई दिग्गज कमेंट्री करेंगे। पहली बार यह लीग तीन भाषाओं - हिंदी, अंग्रेजी और ...और पढ़ें

HighLights
पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला, जतिन सप्रू, चेतन शर्मा, सबा करीम, अशोक शर्मा व मनिंदर बिड़ला करेंगे कमेंट्री
पहली बार तीन भाषाओं में होगी कमेंट्री, भोजपुरी में कमेंट्री के लिए यूपीसीए खोज रहा उप्र के पूर्व क्रिकेटर
जागरण संवाददाता, कानपुर। 14 अगस्त से लखनऊ में शुरू होने वाली यूपी टी-20 लीग के मुकाबलों का आंखों देखा हाल पूर्व क्रिकेटर सुनाएंगे। चौथे सीजन के लिए यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल की ओर से तय किए गए कमेंट्री पैनल में अंतरराष्ट्रीय मैचों में कमेंट्री करने वाले कई पूर्व क्रिकेटरों के नाम शामिल किए गए हैं। पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला, जतिन सप्रू, चेतन शर्मा, सबा करीम, अशोक शर्मा व मनिंदर बिड़ला जैसे कमेंटेटर मैच की कमेंट्री करेंगे। जिनके पास अंतरराष्ट्रीय और आइपीएल मैचों में कमेंट्री का अनुभव है।
गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने बताया कि यूपी टी-20 के चौथे सीजन के मुकाबले 200 से ज्यादा देशों में प्रसारित किए जाएंगे। आइपीएल मैचों की तरह ही लीग मैचों की कमेंट्री कराई जाएगी। इसके लिए कमेंटेटर के नाम फाइनल कर लिए गए हैं। जियो हाट स्टार पर प्रसारित होने वाले मैच की कमेंट्री पहली बार तीन भाषाओं में की जाएगी।
हिन्दी और अंग्रेजी के कमेंटेटर फाइनल होने के बाद अब यूपीसीए भोजपुरी में कमेंट्री करने वाले पूर्व क्रिकेटरों के नाम पर मंथन कर रहा है। वाराणसी, गोरखपुर और पूर्वांचल क्रिकेट से जुड़े पूर्व खिलाड़ियों के नाम सामने आए हैं। जिनके पास भोजपुरी में कमेंट्री का अनुभव भी है। काउंसिल अब भोजपुरी कमेंट्री के लिए नाम फाइनल करने में जुटा है।
ग्रीन पार्क में आज से स्टेट अंपायर व स्कोरिंग कार्यशाला
उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से प्रदेश स्तरीय अंपायर व स्कोरिंग कार्यशाला का आयोजन छह से नौ अगस्त तक कमला क्लब में किया जाएगा। प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में प्रदेश के 200 से ज्यादा अंपायर व स्कोरर शामिल होंगे। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, मेरठ, आगरा, गाजियाबाद, झांसी समेत प्रदेश भर के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और बीसीसीआइ के पैनल में शामिल अंपायर अनिल चौधरी व स्कोरर जयपाल विशेष प्रशिक्षण देंगे।कार्यशाला के साथ वर्ष 2026-27 के लिए अंपायर व स्कोरिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी।
खबरें और भी
बीसीसीआइ पैनल के लिए बढ़ाएंगे कदम
उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि स्टेट लेवल अंपायर व स्कोरर कार्यशाला के जरिये प्रदेश के विभिन्न जिलों से उभरते हुए अंपायर व स्कोरर को तैयार किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बदलते अंपायरिंग व स्कोरिंग के नियमों से परिचित कराया जाएगा। कार्यशाला में आन फील्ड और आफ फील्ड नियम के साथ टेस्ट, वनडे व टी-20 मैचों में नियम से परिचित कराया जाएगा। शहर से परीक्षा में अंपायर हिमांशु यादव, सौरभ जायसवाल, राहुल सिंह, मनोज सिंह व पुनीत झा तथा स्कोरर अलमास खान व दीपक सचान शामिल होंगे। यूपीसीए हर वर्ष कार्यशाला व परीक्षा का आयोजन कर कई अंपायर व स्कोरर को बीसीसीआइ तक पहुंचा रहा है।