Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Alert: कानपुर में अगले 48 घंटे भारी; Temp 43.2°C पार, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

    Updated: Mon, 18 May 2026 06:37 PM (IST)

    Kanpur Weather Alert: कानपुर में पारा 43.2°C पार कर गया है और यूवी इंडेक्स 12 तक पहुंच गया है, जिससे मौसम विभाग ने लू और अत्यधिक गर्मी के लिए यलो अलर् ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. कानपुर में यूवी इंडेक्स 12, अत्यधिक खतरनाक श्रेणी में

    2. अधिकतम तापमान 43.2°C, लू जैसे हालात जारी

    3. विशेषज्ञों ने दोपहर में घर से न निकलने की सलाह दी

    जागरण संवाददाता, कानपुर। Kanpur Weather Alert: जैसे-जैसे पारा चढ़ता जा रहा है, मई की गर्मी अब केवल असहज नहीं, बल्कि खतरनाक होती जा रही है। सोमवार को शहर में तेज धूप, तपती हवा और अत्यधिक पराबैंगनी किरणें (यूवी किरणों) ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। हालात ऐसे रहे कि दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल दिखा।

    मौसम विभाग के अनुसार शहर का यूवी इंडेक्स 12 के करीब दर्ज किया गया, जिसे ‘एक्सट्रीम’ यानी अत्यधिक खतरनाक श्रेणी माना जाता है। ऐसे में विभाग ने अगले कुछ दिनों के शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस स्तर की पराबैंगनी किरणें त्वचा और आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती हैं।

    20 मई तक अलर्ट

    सुबह से ही धूप निकली हुई है, सूरज की तपिश से तापमान बढ़ा हुआ है। दिन चढ़ने के साथ ही तीखी धूप निकली हुई है। 20 मई तक लू चलने का अलर्ट है। इससे आमजन बेहाल हो गए। पछुआ हवा ने मौसम को और अधिक गर्म बना दिया, जिससे लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सोमवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह भी सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा।

    सुबह आठ बजे 32 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

    दिन ही नहीं, रातों में भी गर्मी लोगों को राहत नहीं दे रही। उमस और गर्म हवा के कारण लोग देर रात तक परेशान रहे। सुबह आठ बजे ही तापमान 32 डिग्री तक पहुंच गया था और 10 बजे के बाद धूप ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। दोपहर 12 बजे तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि दो बजे के आसपास शहर सबसे ज्यादा तपता नजर आया। शाम चार बजे तक लू जैसे हालात बने रहे और सूर्यास्त के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिली।

    खबरें और भी

    वातावरण में नमी न होना खतरनाक

    मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में वातावरण में नमी कम होने और आसमान साफ रहने के कारण सूर्य की पराबैंगनी किरणें सीधे धरती तक पहुंच रही हैं। यही वजह है कि यूवी इंडेक्स अत्यधिक स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि बिना सुरक्षा दोपहर की धूप में निकलना त्वचा झुलसने, आंखों में जलन, सिरदर्द, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है।

    और बढ़ेगा तापमान

    उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों तक कानपुर मंडल में शुष्क और गर्म मौसम बना रहेगा। दिन के तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है और लू जैसी परिस्थितियां और तेज हो सकती हैं। हवा की औसत गति 6.2 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जबकि अधिकतम गति 14.3 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि तेज धूप और अत्यधिक यूवी किरणों का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों पर पड़ता है।

     

    धूप और यूवी किरणों से बचने के उपाय

    • गर्मी और यूवी किरणों से ऐसे करें बचाव
    • दोपहर 11 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
    • पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लें
    • धूप का चश्मा, टोपी और सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें
    • बच्चों और बुजुर्गों को तेज धूप से दूर रखें
    • खाली पेट धूप में निकलने से बचें 

     

    मई माह तापमान विवरण
    तिथि न्यूनतम तापमान (°C) अधिकतम तापमान (°C)
    14 मई 23.0 39.3
    15 मई 26.8 39.1
    16 मई 24.4 40.0
    17 मई 25.6 41.5
    18 मई 27.8 43.2