बड़ा हादसा: बरातियों से भरी बस पर ट्रक और डंपर की जबरदस्त भिड़ंत, कानपुर हाईवे पर चीख-पुकार
कानपुर के बिधनू में बारातियों से भरी बस, ट्रक और डंपर की भिड़ंत में 15 लोग घायल हो गए। इनमें से 9 गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के अनुसार, बस चालक और प ...और पढ़ें
HighLights
बिधनू थानाक्षेत्र के शम्भुआ पुल के पास हुआ हादसा, घाटमपुर गई थी बारात
जोरदार टक्कर के बाद बस व गिट्टी लदा डंपर अनियंत्रित होकर खड्ड में पलटा
जागरण संवाददाता, कानपुर। बिधनू में रविवार देर रात बारातियों से भरी बस की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। इससे बस और ट्रक दोनों ही क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के दौरान पीछे से आ रहा गिट्टी लदा डंपर भी बस में जा घुसा, जिससे बस और डंपर अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गए।
हादसे में बारातियों और चालक-परिचालक समेत 15 लोग घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बिधून सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से एक महिला समेत नो लोगों को गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घाटमपुर से लौट रही थी बस
कानपुर-सागर हाईवे पर रविवार देर रात बिधनू थानाक्षेत्र के शम्भुआ पुल के पास घाटमपुर से बारातियों को लेकर आ रही एक निजी स्कूल की बस की नौबस्ता की ओर सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जोरदार टक्कर से बस और ट्रक दोनों ही पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान गिट्टी लादकर नौबस्ता की ओर आ रहा डंपर पीछे से बस में जा घुसा, जिससे बस और डंपर दोनों ही अनियंत्रित होकर खड्ड में जाकर पलट गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मचने पर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में बस में फंसे बारातियों और डंपर चालक को निकालकर एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भर्ती कराया।

ये लोग हुए घायल
बिधनू थानाप्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि बरात कल्याणपुर से घाटमपुर गई थी। हादसे में विनायकपुर निवासी बस चालक कमल सिंह, बराती नबावगंज के पीर अली, लालपुर निवासी तीन वर्षीय अपहान, जालौन के काेंच निवासी नफीस और उसका बेटा अरशद, पत्नी सबाना के साथ ही डंपर चालक कौशांबी निवासी दीपू यादव, पड़री लालपुर की शाहीन और इटावा के जावेद समेत अन्य बराती घायल हुए थे। इनमें शाहीन, जावेद, कमल, दीपू, भोलाशंकर और अशोक को गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि कमल सिंह को छोड़कर सभी उपचार कराने के बाद अपने घरों को लौट गए हैं।
बस चालक-परिचालक ने बारातियों से विवाद पर पी ली थी शराब
हादसे में घायलों ने पुलिस को बताया कि घाटमपुर में बारातियों को बस चालक और परिचालक से विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों बस खड़ी करके चले गए। करीब दो घंटे बाद लौटे तो दोनों शराब के नशे में धुत थे। इसके बाद बारातियों ने उसे बस लेकर चलने से रोका था, लेकिन वह नहीं माना। उसके बस लेकर निकलने पर लोग सवार हो गए थे। रास्ते भर सभी उसे टोकते हुए आ रहे थे, लेकिन नशे में उसने एक नहीं सुनीं और बस को तेज रफ्तार में दौड़ाता रहा। नशे में होने के कारण ही हादसा हुआ। बिधनू थाना प्रभारी ने बताया कि बारातियों से पूछताछ में यहां बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तक किसी पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है।