विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर देहात में बुलेट व बाइक में आमने सामने भीषण भिड़ंत, पिता-पुत्री समेत तीन की मौत

Published: Fri, 28 Aug 2026 04:57 PM (IST)

कानपुर देहात के सिकंदरा में मुगल रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की ...और पढ़ें

पल्लवी, गणेश और शिवम की फाइल फोटो। स्वजन

पल्लवी, गणेश और शिवम की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. कानपुर देहात के सिकंदरा में मुगल रोड पर बाइक भिड़ंत।

  2. हादसे में पिता गणेश, बेटी पल्लवी और शिवम की मौत।

  3. रक्षाबंधन पर ससुराल जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा।

संवाद सहयोगी, सिकंदरा (कानपुर देहात)। मुगल रोड पर इटखुदा गांव के सामने शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक महिला और उसका आठ वर्षीय बेटा गंभीर घायल हो गया। दिवंगत के परिवारों में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी सिकंदरा पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में मां-बेटे को मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के कल्याणपुर खानपुर निवासी 24 वर्षीय शिवम कुमार शुक्रवार को बुलेट से अपने चचेरे भाई की ससुराल राजपुर के बदनपुर जा रहा था। वह सिकंदरा क्षेत्र के इटखुदा गांव के सामने मुगल रोड पर पहुंचा था। इसी दौरान सामने से औरैया के जौरा रोहिणी गांव निवासी 38 वर्षीय गणेश कुमार अपनी पत्नी 32 वर्षीय गायत्री, छह वर्षीय बेटी पल्लवी और आठ वर्षीय बेटे अभय कुमार के साथ बाइक से पत्नी को राखी बंधवा कर भोगनीपुर के दौलतपुर स्थित ससुराल से घर जा रहे थे।

हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी सिकंदरा भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवम, गणेश कुमार और उनकी छह वर्षीय बेटी पल्लवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गायत्री और अभय की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज के अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने फोन से दोनों परिवारों को हादसे की जानकारी दी। शिवम के पिता दिनेश कुमार, मां विनीता और भाई सत्यम व सुंदरम का रो-रोकर बुरा हाल रहा। स्वजन ने बताया कि शिवम पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वहीं गंभीर घायल गायत्री को पति और बेटी की मौत की जानकारी नहीं दी गई। सीओ सिकंदरा सौरभ वर्मा ने बताया कि दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।