Kanpur Dehat Murder: पिता ने सोते समय बेटे को बेरहमी से मार डाला, बचाने में मां हुई घायल
कानपुर देहात में नशे में धुत पिता ने पैसे खर्च करने से रोकने पर अपने 22 वर्षीय बेटे अभिषेक की ...और पढ़ें

अभिषेक की हत्या के बाद घर के बाहर लगी भीड़। ग्रामीण
HighLights
बेटे ने नशेबाजी में रुपये खर्च करने का किया था विरोध, बचाने में मां हुई घायल
छोटे बेटे की तहरीर पर दर्ज किया गया मुकदमा, घटना के बाद हत्यारोपित हुआ फरार
संवाद सहयोगी, सिकंदरा (कानपुर देहात)। नशे की लत ने एक परिवार की खुशियों को छीन लिया। जमीन बिक्री के रुपये खर्च करने से रोकने पर पिता ने बेटे पर सोते समय ईंट से हमला कर दिया, सिर व चेहरे पर वार करके उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर मां बचाने आई तो उसे भी घायल कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस हत्यारोपित पिता की तलाश में दबिश दे रही है।
सिकंदरा के चितवाखेड़ा रसधान निवासी रामजीवन कुशवाहा नशेबाज है। उसने कुछ दिन पहले अपना खेत बेचा था। जिसके 12 लाख रुपये उसे मिले थे, यह रुपये वह नशेबाजी में उड़ाने में लगा था। इसका विरोध उसके 22 वर्षीय बड़े बेटे अभिषेक कुमार व स्वजन करते थे। मंगलवार रात को करीब पांच लाख रुपये नकदी वाला झोला लेकर रामजीवन घर से निकल गया और कस्बे की एक दुकान पर बैठकर नशेबाजी कर रहा था।
पता चलने पर छोटा बेटा आनंद वहां पहुंचा और पिता से घर चलने के लिए कहा, तो वह विवाद करने लगा। इस पर आनंद ने फोन करके बड़े भाई अभिषेक को बुला लिया। उसने मौके पर पहुंचकर पिता से झोला छीन लिया। इस बात को लेकर उसका पिता से विवाद हो गया। अभिषेक वहां से चला आया और घर में नकदी रख दी।
रात में खाना खाकर सभी सो गए, देर रात करीब 11 बजे रामजीवन ने इंटरलाकिंग ईंट से सोते समय अभिषेक के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। उसकी चीख सुन कर जागी मां उषा बचाने आई तो उसके हाथ में भी ईंट मार दी और भाग निकला। इसके बाद आनंद पड़ोसियों की मदद से अभिषेक को पास के अस्पताल लेकर पहुंचा।
प्राथमिक इलाज के बाद उसे कानपुर लाकर कल्याणपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर बुधवार सुबह सात बजे युवक ने दम तोड़ दिया। इससे परिवार में रोना पीटना मच गया। दोपहर में पुलिस को परिवार ने सूचना दी।
सिकंदरा थाने की पुलिस ने छानबीन की और हत्यारोपित रामजीवन की तलाश में दबिश दी पर उसका पता न चला। सिकंदरा थाना प्रभारी सुधाकर सिंह ने बताया कि छोटे बेटे आनंद की तहरीर पर हत्या का मुकदमा पिता रामजीवन पर दर्ज किया गया है। सीओ सौरभ वर्मा ने बताया कि हत्यारोपित की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
पहले भी जमीन बेची थी, मकान निर्माण में रुपये लगाना चाह रहा था अभिषेक
अभिषेक पिता की नशेबाजी को देखकर परिवार को सहारा देने में लगा था। वह ट्रैक्टर चलाकर परिवार चलाने में सहयोग कर रहा था। रामजीवन ने पहले भी करीब एक बीघा चार बिस्वा जमीन बेची थी। इसका पैसा उसने नशेबाजी में उड़ा डाला था। इस बार जो जमीन बेची उसकी रकम से अभिषेक घर का निर्माण कराना चाह रहा था। लेकिन उसे क्या पता था कि पिता को गलत हरकत से रोकना उसके जीवन पर ही भारी पड़ जाएगा। घटना के बाद हर कोई रामजीवन को कोसता रहा।
