दोस्त की जेब में 50 हजार रुपये देख डोली नीयत, युवक ने की ऐसी घिनौनी हरकत… अब खा रहा जेल की हवा
कानपुर देहात के शिवली में एक दोस्त ने 50 हजार रुपये के लालच में साउंड संचालक अनूप मिश्र की हत्या ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में आरोपी।
HighLights
दोस्त ने 50 हजार रुपये के लालच में की हत्या।
शराब में कीटनाशक मिलाकर साउंड संचालक को पिलाया।
पुलिस ने आरोपी अनीश को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। बीते वर्ष शिवली में साउंड संचालक की हत्या उसके ही साथी ने नकदी के लालच में की थी। मेले में साउंड संचालक के पास 50 हजार रुपये देखकर आरोपित की नीयत बिगड़ गई।
उसने मेले से गेहूं में रखने वाली कीटनाशक दवा खरीदी और शराब में मिलाकर साउंड संचालक को पिला दी। उसकी मौत के बाद नकदी लेकर शव सड़क किनारे फेंक दिया और मोबाइल फोन रास्ते में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह है पूरा मामला
शिवली के बसौसी गांव निवासी अनूप कुमार मिश्र का शव छह अक्टूबर 2025 को बाघपुर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे पड़ा मिला था। उनके बेटे रोहित ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया था।
विधि विज्ञान प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट में जहर दिए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और बिठूर के टिकरा गांव निवासी अनीश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अनीश ने पुलिस को बताया कि वह अनूप मिश्र को पहले से जानता था। पांच अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे टिकरा चौराहे पर मुलाकात हुई थी। अनूप का साउंड सर्विस का सामान टिकरा गांव में भुल्लू के यहां आयोजित जलसे में लगा था।
अनीश के अनुसार, उसने अनूप से बाघपुर का मेला घूमने की बात कही। शाम को वह अपनी बाइक से अनूप को लेकर बाघपुर पहुंचा और बाइक जाफर बख्शा वाले के घर पर खड़ी कर दी। इसके बाद बाघपुर में अंग्रेजी शराब की दुकान से दो क्वार्टर शराब खरीदे। एक क्वार्टर पीने के बाद दूसरी क्वार्टर पीने के लिए अनीश ने अपने पास रख ली।
पुलिस के मुताबिक, मेले में घूमने के दौरान अनीश ने अनूप के पास 50 हजार रुपये देख लिए। इसके बाद उसने नकदी हड़पने की योजना बनाई। उसने मेले से कीटनाशक दवा खरीदी और एकांत में शराब पीने के बहाने अनूप को साथ ले गया। आरोपित ने शराब में कीटनाशक मिला दिया। अनूप की हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इसके बाद अनीश ने नकदी निकाली, शव को सड़क किनारे डाल दिया और मोबाइल रास्ते में फेंककर फरार हो गया।
इंस्पेक्टर शिवली अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपित के पास से 7,500 रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने बाकी रुपये खर्च कर देने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।
