विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur Dehat News: फोन पर बात करती हैं टीचर, स्कूल में नहीं होती पढ़ाई...शिकायत करने चौकी पहुंचा छात्र 

Updated: Fri, 14 Aug 2026 04:04 PM (IST)

कानपुर देहात के रसधान विद्यालय के छात्र माधव मिश्रा ने पढ़ाई न होने और शिक्षकों द्वारा शिकायत अनसुनी करने पर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में बीएसए ने प्रधानाध्यापक व शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा है।

ये फोटो एक आई जनरेटेड है।

ये फोटो एक आई जनरेटेड है।

HighLights

  1. छात्र ने स्कूल में पढ़ाई न होने की पुलिस से शिकायत की।

  2. शिक्षकों ने छात्र की शिकायत को अनसुना कर दिया।

  3. बीएसए ने लापरवाह प्रधानाध्यापक व शिक्षिका से जवाब मांगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। रसधान संविलियन विद्यालय के कक्षा सात के छात्र माधव मिश्रा ने रसधान चौकी पहुंचकर विद्यालय में पढ़ाई न होने व अन्य छात्रों के मारपीट किए जाने की शिकायत को शिक्षकों के अनसुना करने की शिकायत कर दी। बच्चे को समझाकर पुलिसकर्मियों ने भेजा। मामले में बीएसए ने प्रधानाध्यापक व शिक्षिका से जवाब मांगा है। जवाब के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

संविलियन विद्यालय रसधान में 10 अगस्त को मिड-डे-मील वितरण के बाद कक्षा सात के छात्र माधव मिश्रा का कक्षा आठ के एक अन्य छात्र से विवाद हो गया था। माधव इसकी शिकायत करने जब अपनी कक्षा अध्यापिका सायमा खान के पास गया तो वह फोन पर बात करने में व्यस्त थीं।

आरोप है कि उन्होंने छात्र को डांटकर बैठा दिया। परेशान छात्र प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुपम कुमार के पास पहुंचा लेकिन वहां भी उसकी बात को अनसुना कर दिया गया। शिक्षकों की उदासीनता के चलते परेशान होकर छात्र सीधे पास ही स्थित पुलिस चौकी पहुंच गया। पुलिस चौकी पहुंचे छात्र माधव ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को बताया कि उसके विद्यालय में शिक्षक पढ़ाई नहीं कराते हैं।

आरोप लगाया कि शिक्षिका फोन पर व्यस्त रहती हैं और बड़े बच्चे उसे अक्सर मारते-पीटते हैं। पुलिस चौकी में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी बातचीत का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। पुलिसकर्मी छात्र को साथ लेकर विद्यालय पहुंचे। बीईओ राजपुर ने त्वरित जांच में प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुपम कुमार और सहायक अध्यापिका सायमा खांन को पदीय दायित्वों का निर्वहन न करने और गंभीर लापरवाही का दोषी पाया गया है। बीएसए ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।

प्रभारी प्रधानाध्यापक अनूप कुमार ने बताया कि बच्चे को मानसिक तनाव की समस्या है। हमारे पास शिकायत लेकर आया था तो बात सुनी थी और कक्षा में आने की बात भी कही थी। पता नहीं क्या उसके मन में आया और पास में स्थित पुलिस चौकी चला गया। सारे आरोप बेबुनियाद हैं।

बीएसए आशीष कुमार पांडेय ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक व सहायक अध्यापिका का व्यवहार नियमावली के खिलाफ है। दोनों लोगों से 14 अगस्त तक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।