विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Congress में सामने आई गुटबाजी, कानपुर देहात जिला अध्यक्ष और पूर्व जिला अध्यक्ष सर्मथकों में हाथापाई, 10 पर केस

Published: Wed, 01 Jul 2026 04:35 PM (IST)Updated: Wed, 01 Jul 2026 07:17 PM (IST)

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के स्वागत समारोह में कानपुर देहात के सिकंदरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के स्वागत में कार्यकर्ताओं में झड़प।

  2. जिलाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष समर्थकों के बीच हुई हाथापाई-धक्कामुक्की।

  3. महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने पूर्व जिलाध्यक्ष समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के स्वागत करने के दौरान गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। जिलाध्यक्ष अंबरीष सिंह गौर व पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश कटियार के समर्थकों के बीच गालीगलौज के बाद मारपीट हो गई, डंडे व जूते चप्पल भी चल गए। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मनोरमा संखवार ने पूर्व जिलाध्यक्ष, उनके बेटे, बाउंसरों व समर्थकों पर जूते चप्पल से मारने का आरोप लगाया और सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पूर्व जिलाध्यक्ष ने भी तहरीर देने की बात कही है।

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम औरैया से लखनऊ की ओर जा रहे थे। उनको सिकंदरा से होकर निकलना था, उनके स्वागत को कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे थे। इसमें जिलाध्यक्ष अंबरीष सिंह गौर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोरमा संखवार व अन्य कार्यकर्ता खोजाफूल के पास खड़े थे जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश कटियार कार्यकर्ताओं संग सूर्या ढाबा पर थे।

सूर्या ढाबा पर स्वागत के दौरान दोनों पक्षों के बीच एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी व अपशब्द कहे जाने लगे, इस पर प्रदेश प्रभारी जो कार में मौजूद थे वहां से निकल गए। इधर दोनों तरफ के समर्थकों में मारपीट होने लगी, एक ने डंडा उठा लिया व मनोरमा संखवार जूता व डंडा लेकर दौड़ीं तो लोगों ने उनको रोका।

पुलिस व वरिष्ठ नेताओं ने किसी तरह से दोनों पक्ष को शांत करा अलग कराया। मनोरमा संखवार ने पूर्व जिलाध्यक्ष, उनके बेटे अंश, बाउंसरों व 10 से 15 अज्ञात पर आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष प्रभारी से मिलने नहीं दे रहे थे, उनको जूते चप्पल से मारा गया व जातिसूचक गालियां दी गईं। इसके बाद जिलाध्यक्ष व उनके समर्थक सिकंदरा थाने पहुंच गए और तहरीर दी।

वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि वह प्रभारी संग निकल आए थे, वह भी थाने में तहरीर देंगे। सीओ संजय सिंह ने बताया कि मनोरमा संखवार ने आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी इस पर मुकदमा किया गया है, साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करेंगे।


प्रभारी ने मुझे फोन कर बुलाया तो मैं ढाबे पर गया था, यहां हम लोगों के विरोध में नारेबाजी की जाने लगी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष को बुरी तरह से पीटा गया, रिवाल्वर लगा दी गई,बाकियों को भी मारा। हमें तो पता भी नहीं कि आखिर किस चीज का विरोध किया जा रहा, पार्टी हित में हम तो काम कर रहे।
- अंबरीष सिंह गौर, जिलाध्यक्ष कांग्रेस

पार्टी के निर्देश पर मैंने प्रभारी के स्वागत व खाने पीने की व्यवस्था की थी।जिलाध्यक्ष समर्थकों संग आ गए और हो हल्ला करने लगे, इस पर प्रभारी बाहर आए और वहीं पर सबसे मिले।इसके बाद बेवजह जिलाध्यक्ष व समर्थक विवाद करने लगे, मारपीट का आरोप गलत लगाया जा रहा है, आज 35 साल के राजनैतिक जीवन में दाग तक नहीं है।पूर्व में जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं संग मारपीट व अभद्रता की थी इस पर उन पर मुकदमा हुआ था, उसी की खुन्नस रख यह काम किया जा रहा।
- नरेश कटियार, पूर्व जिलाध्यक्ष

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।