कासगंज में अमानवीयता, चोरी के आरोप में पेड़ से बांधकर 13 साल के बच्चे को पीटा
कासगंज के नगला चिना गांव में चोरी के आरोप में 13 वर्षीय किशोर को पेड़ से बांधकर पीटा गया। घटना ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, कासगंज। गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के नगला चिना गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। चोरी का आरोप लगाकर 13 वर्षीय किशोर को पेड़ से बांधकर पीटा गया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज भी की गई।
मासूम के साथ हुई बेरहमी का ग्रामीणों ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है।
पीड़ित किशोर जगत प्रकाश (13) की मां स्नेहलता पत्नी हरिओम शर्मा ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि आठ सितंबर की सुबह करीब नौ बजे पड़ोस के किताव सिंह, सत्यपाल शाक्य, नेकराम और दयाराम ने उसके बेटे पर चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद उसे पेड़ से बांध दिया और मारपीट की।
आरोप है कि किशोर मदद के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपितों ने उसकी एक नहीं सुनी। घटना की जानकारी होने पर स्नेहलता मौके पर पहुंचीं। इस दौरान ग्रामीण भी वहां एकत्र हो गए और किशोर को बंधन से मुक्त कराया। तहरीर के अनुसार, ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपित धमकी देते हुए वहां से चले गए।
घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद लोगों में रोष फैल गया। चोरी के आरोप में पेड़ से बांधकर पीटने के आरोप ने संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्नेहलता के मुताबिक उनके पति ट्रक चालक हैं और काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना के बाद वह बेटे को लेकर थाने पहुंचीं और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रसारित वीडियो की भी पड़ताल कर रही है।
