कासगंज: DM-SP ने सुनीं जनसमस्याएं, समाधान दिवस में 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
कासगंज के सहावर तहसील में डीएम प्रणय सिंह और एसपी ओम प्रकाश की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। ...और पढ़ें

कासगंज में संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायतें सुनते डीएम और एसपी।
संवाद सूत्र, कासगंज। तहसील सहावर के सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं व शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनकर उनका पारदर्शी व त्वरित निस्तारण कराया। शेष शिकायतों के लिए शीघ्र निस्तारण के निर्देश डीएम ने दिए।
समाधान दिवस में फरियादियों ने बिजली के अधिक बिल, विधवा व वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड बनवाने, भूमि की पैमाइश कराने, अवैध कब्जे हटवाने, राजस्व व आपसी विवाद से जुड़ी 75 शिकायतें प्रस्तुत कीं। इनमें से 11 प्रार्थना पत्रों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण करा दिया।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण ही शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ओम प्रकाश ने पुलिस संबंधी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सहावर शुशांत सांवेर, डीडीओ सुभाषचंद्र, डीएफओ विवेक कुमार, डीपीआरओ राजेश चौरसिया, डीएसओ अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत राहुल बर्नवाल सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिले की कासगंज में सीडीओ वीरेंद्र सिंह एवं पटियाली में एडीएम द्विग्विजय सिंह ने समस्याओं को सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए।
